AI हमें प्रेजेंटेशन बनाने में भी काफी मदद कर सकता है। लेकिन कोई भी प्रेजेंटेशन हमें सिर्फ बनाना नहीं होता, बल्कि उसके जरिये हमें स्पष्ट और असरदार तरीके से अपनी बात अपने श्रोताओं/दर्शकों तक पहुंचानी होती है। कुलमिलाकर AI से हमें एक बेहतरीन प्रेजेंटेशन बनवाना होता है, इसके लिए प्रॉम्प्ट्स भी बेहतर होने चाहिए। जैसे, बहुत से लोग AI से कहते हैं:
"मेरे लिए एक PowerPoint बना दो।"
फिर जो बनता है, उसे देखकर मन करता है – क्या बकवास है? अधिकतर बार ऐसी प्रेजेंटेशन बेढंगी, उबाऊ और बेकार निकलती है।
क्यों? क्योंकि AI को अगर हमारी पूरी रिक्वायरमेंट बताई ही नहीं, तो वह कैसे सही बनाएगा?
असल में AI खुद से कुछ नहीं जानता। जितना स्पष्ट निर्देश देंगे, उतना अच्छा काम करेगा। वह न सिर्फ स्लाइड्स जोड़ सकता है, बल्कि पूरी प्रेजेंटेशन को इस तरह ढाल सकता है – जो देखने में स्पष्ट हो, समझने में आसान हो, और देखने/सुनने वालों के दिमाग में ठहर जाए।
आइये, आज AI Bodh पर हम इसी विषय पर चर्चा करते हैं।
सबसे बड़ी गलती – जो लगभग हम सभी करते हैं
बस विषय लिखकर बैठ जाते हैं।
जैसे: "Renewable Energy पर PPT बना दो।"
यह सुनकर AI क्या करेगा? वही – पहले ही कितनों को दी गई PPT, औसत दर्जे की स्लाइड्स।
जबकि हमें बताना चाहिए:
प्रेजेंटेशन किसके लिए बना रहे हैं?
उद्देश्य क्या है?
थोड़ी गहराई चाहिए या बस ऊपरी बातें?
भाषा कैसी हो – पक्की या हल्की?
तस्वीरें कैसी चाहिए?
प्रेजेंटेशन औपचारिक है या मज़ेदार?
जब यह सब AI को नहीं बताएँगे, तो जवाब भी औसत ही आएगा।
अच्छे प्रेजेंटेशन की शुरूआत "विषय" से नहीं, "उद्देश्य" से होती है
हाथ में लैपटॉप लेने से पहले अपने आप से कुछ सवाल पूछिए:
सुनने वाले कौन हैं?
स्टूडेंट्स हैं?
रिसर्चर हैं?
टीचर्स हैं?
ऑफिस की टीम है?
या कोई और?
केवल जानकारी देनी है, या कुछ सिखाना है?
लोगों को प्रेरित करना है या कोई निर्णय दिलवाना है?
उनके दिमाग में या दिल पर क्या असर डालना है?
ये सवाल पूरी प्रेजेंटेशन की दिशा बदल देते हैं।
AI को स्पष्ट ब्रीफिंग क्यों जरूरी है?
सोचिए, आप किसी डिज़ाइनर के पास गए और कहा – "एक अच्छी सी प्रेजेंटेशन बना दीजिए।"
तो क्या वह आपसे पूछेगा नहीं? - किसके लिए? कितनी स्लाइड? रंग कौन से? वगैरह-वगैरह।
ठीक यही AI है। बस उसे प्रश्न नहीं पूछना आता, आता भी है यदि आप उसे customized करते हैं अथवा उससे कहते हैं कि प्रश्न करो। बहरहाल, आपको यह तो बताना चाहिए कि:
मुख्य विषय क्या है?
किसके लिए बना रहे हैं (दर्शक कौन हैं - जैसे: छात्र, टीचर्स, या कॉर्पोरेट क्लाइंट्स)?
कितनी स्लाइड चाहिए?
भाषा आसान होगी या औपचारिक?
थीम और स्टाइल कैसी हो (क्या आप कोई खास रंग, डिज़ाइन स्टाइल (जैसे: लाइट, डार्क, कलरफुल, या फॉर्मल) चाहते हैं)?
किन बातों से बचना है
जितना स्पष्ट बताएँगे, काम उतना बेहतर होगा।
एक असरदार AI प्रॉम्प्ट में क्या होना चाहिए?
1. श्रोता/दर्शक
बताइए – किसके सामने पेश करनी है?
जैसे: "यह प्रेजेंटेशन ग्रेजुएशन के विद्यार्थियों के लिए है।"
2. उद्देश्य (Purpose)
स्पष्ट करिए – आखिर हमें उस प्रेजेंटेशन से हासिल क्या करना है?
"विषय को समझाना है" या "लोगों को ट्रेनिंग देनी है" या "बस जागरूकता फैलानी है।"
3. भाषा और अंदाज (Tone)
यह तय करता है कि प्रेजेंटेशन कैसी लगेगी।
उदाहरण: सरल, सीधी, मिलनसार, पेशेवर, या प्रेरित करने वाली।
4. डिज़ाइन की बातें
लोग यह अक्सर भूल जाते हैं। लेकिन बताना जरूरी है:
स्लाइड साफ-सुथरी रखें
एक स्लाइड में सिर्फ एक बात रखें
टाइटल साफ हों
बुलेट पॉइंट्स छोटे हों
रंग एक-दूसरे से मिलते हों
सभी स्लाइड्स एक जैसी फील दें
5. दृश्यों के निर्देश
सिर्फ टेक्स्ट से कोई प्रेजेंटेशन नहीं देखना चाहता।
बताइए:
हर स्लाइड में कोई न कोई तस्वीर या ग्राफिक हो
तस्वीरें बिल्कुल विषय से जुड़ी हों
बेवजह फनी इमेज न डालें
जहाँ हो सके, इन्फोग्राफिक्स डालें
6. आउटपुट क्या चाहिए?
PowerPoint फाइल, PDF, या सिर्फ प्रेजेंटेशन का स्ट्रक्चर?
मान लीजिए, आपको कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए “जल संरक्षण” पर एक प्रेजेंटेशन बनानी है। यहाँ एक प्रॉम्प्ट बताया गया है, जिसे आप सीधे ही उपयोग में ले सकते हैं:
"आप एक प्रेजेंटेशन एक्सपर्ट हैं। मेरे लिए 10 स्लाइड्स की PowerPoint बनाइए। विषय है – जल संरक्षण।
श्रोता: कॉलेज के स्नातक स्तर के विद्यार्थी।
मकसद: उन्हें जल बचाने के सरल और व्यावहारिक तरीके बताने हैं। कोई अत्यधिक तकनीकी बात नहीं।
भाषा और अंदाज: सीधी, मिलनसार और थोड़ी प्रेरित करने वाली।
डिज़ाइन: हर स्लाइड साफ हो। एक स्लाइड में सिर्फ एक विचार रखें। बुलेट पॉइंट्स बहुत छोटे हों। फ़ॉन्ट बड़ा और पढ़ने में आसान हो।
दृश्य: हर स्लाइड में एक प्रासंगिक तस्वीर या इन्फोग्राफिक हो। जैसे – पानी की बूंद, बारिश, बंद नल, रीचार्ज वेल आदि। कोई हास्यास्पद या बेमेल चित्र नहीं।
आउटपुट: PowerPoint फाइल।"
इस प्रॉम्प्ट को पढ़ने के बाद AI को कुछ अतिरिक्त नहीं पूछना पड़ेगा। वह ठीक वैसा ही बनाएगा जैसा आप चाहते हैं। इसे आप अपने विषय के हिसाब से बदल सकते हैं – बस इतना ध्यान रखें कि सारे बिंदु साफ-साफ लिखे हों।
AI क्या कर सकता है – और क्या नहीं
AI यह कर सकता है:
✔ स्लाइड्स की रूपरेखा बना दे
✔ मुख्य बातें क्रम से लगा दे
✔ टाइटल सुझा दे
✔ तस्वीरों के आइडिया दे
✔ भाषा को सरल और कारगर बना दे
✔ अलग-अलग श्रोताओं के लिए सामग्री ढाल दे
AI यह नहीं कर सकता:
✘ आपकी जगह एक्सपर्ट बन सके
✘ हर आँकड़े की सच्चाई की गारंटी दे
✘ यह समझे कि कोई तस्वीर सही बैठेगी या नहीं
✘ जाने कि आपके श्रोता असल में कैसी प्रतिक्रिया देंगे
इसलिए – आखिरी चेक हमेशा आपको ही करना है।
प्रेजेंटेशन तैयार होने के बाद क्या जाँचना चाहिए?
AI से बनी हर प्रेजेंटेशन को इस्तेमाल करने से पहले जरा ठहरिए और यह देखिए:
सामग्री
क्या तथ्य सही हैं?
क्या आँकड़े नए हैं?
उदाहरण ठीक हैं?
भाषा
व्याकरण सही है?
वाक्य स्वाभाविक लग रहे हैं?
कहीं रोबोट जैसी भाषा तो नहीं?
डिज़ाइन
स्लाइड्स एक जैसी स्टाइल में हैं?
फ़ॉन्ट और रंग सही हैं?
तस्वीरें ठीक लग रही हैं?
श्रोताओं के हिसाब से
प्रेजेंटेशन न बहुत कठिन है, न बहुत आसान
उनके दिमाग से टकराती है या उनसे ऊपर है?
एक कारगर तरीका (Workflow)
चरण 1 – पहले अपना विषय और उद्देश्य स्पष्ट करें।
चरण 2 – श्रोताओं को पहचानें।
चरण 3 – मुख्य कंटेंट तैयार करें।
चरण 4 – AI को पूरा ब्रीफ करें (ऊपर दिए उदाहरण की तरह)।
चरण 5 – उससे सिर्फ स्ट्रक्चर बनवाएँ।
चरण 6 – फिर दृश्य और डिज़ाइन सुझाव लें।
चरण 7 – पूरी प्रेजेंटेशन देखें, चेक करें।
चरण 8 – जो बदलना हो बदलें, और फिर फाइनल करें।
बॉटम लाइन
AI से प्रेजेंटेशन बनाना आज बहुत आसान हो तो गया है, लेकिन एक अच्चा प्रेजेंटेशन सिर्फ स्लाइड्स का ढेर नहीं होता। असरदार प्रेजेंटेशन वही है –
जो अपने श्रोताओं से बात करे।
साफ-साफ संदेश दे।
डिज़ाइन और कंटेंट में संतुलन रखे।
और खत्म होने के बाद भी लोगों के जेहन में बनी रहे।
याद रखिए:
कमज़ोर निर्देश = औसत प्रेजेंटेशन
स्पष्ट उद्देश्य + अच्छा निर्देश + मानवीय समीक्षा = बेहतरीन प्रेजेंटेशन
AI आपकी प्रेजेंटेशन बनाने की स्पीड बढ़ा सकता है, लेकिन यह निर्णय आपका ही रहेगा कि –
क्या बात कहनी है, कैसे कहनी है, और किससे कहनी है।
क्योंकि एक सफल प्रेजेंटेशन तकनीक से नहीं,
सही सोच, साफ ढाँचे और दिल से बात करने के तरीके से बनती है।
-०-
– डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी

No comments:
Post a Comment