Wednesday, 29 April 2026

शिक्षा में Generative AI: University of Southern California की नवीनतम रिपोर्ट

शिक्षा सहित अन्य कई क्षेत्रों में जब भी 'जेनरेटिव एआई' (जैसे ChatGPT, Gemini, Deepseek आदि) का जिक्र होता है, तो अक्सर दिमाग में यह बात आती है कि यहाँ से तो कॉपी-पेस्ट होता है और इसका दुरुपयोग ही ज़्यादा हो रहा है। लेकिन University of Southern California (USC) की हालिया रिपोर्ट "Critical Thinking and Ethics in the Age of Generative AI in Education"  हमारे इस दृष्टिकोण को पूरी तरह बदल कर एक नयी दिशा दे रही है। यह रिपोर्ट हमें 'डर' से निकालकर 'सोच-समझकर अपनाए जाने वाले अभ्यास' की ओर ले जाती है।
आइये AI Bodh पर आज इसी रिपोर्ट के महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर बात करते हैं:-

1. Deny and Detect की बजाय Embrace and Enhance

रिपोर्ट का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि हमें AI पर प्रतिबंध लगाने या उसे पकड़ने वाले 'AI Detectors' के भरोसे नहीं रहना चाहिए, क्योंकि ये डिटेक्टर्स अक्सर अविश्वसनीय होते हैं। इसके बजाय, शिक्षकों को "Embrace and Enhance" (अपनाएं और बेहतर बनाएं) की रणनीति अपनानी चाहिए। लक्ष्य छात्रों को AI-संचालित Workforce के लिए तैयार करना है।

2. अंतिम ड्राफ्ट से ज्यादा प्रक्रिया पर ध्यान (Process over Product)

अब तक शिक्षा में सारे अभ्यास के बाद अंतिम ड्राफ्ट (जैसे- फाइनल किया हुआ निबंध या पूर्ण किया हुआ असाइनमेंट) को महत्व दिया जाता रहा है। लेकिन AI के दौर में, USC रिपोर्ट एक Pedagogical Shift (शिक्षण पद्धति में बदलाव) का सुझाव देती है:

  • Iterative Writing: सारे अभ्यास के बाद जो लिखा है, केवल उसे न देखें, बल्कि यह देखें कि स्टूडेंट ने उसे सुधारने और अंतिम रूप देने में कितनी बार सोचा और कितने व कैसे बदलाव किए। मतलब, उसने कितनी क्रिएटिविटी की
  • ABE+ फ्रेमवर्क: रिपोर्ट एक ऐसे मॉडल का सुझाव देती है जहाँ विद्यार्थी AI-Coach के साथ मिलकर काम करते हैं, और उनके हर संपादन और विचार प्रक्रिया को ट्रैक किया जाता है। इससे 'कॉपी-पेस्ट' करना कठिन हो जाता है। यह फ्रेमवर्क इस तरह डिज़ाइन किया गया है कि शिक्षा का ध्यान 'अंतिम आउटपुट' से हटकर 'सीखने-लिखने की प्रक्रिया' पर केंद्रित हो सके।
                  ABE+ फ्रेमवर्क की मुख्य विशेषताएं (Key Points):

    • प्रोसेस पर फोकस: इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को लिखने की बुनियादी कला सिखाना है। यह मूल्यांकन केवल इस आधार पर नहीं करता कि कुल मिलाकर क्या लिखा गया, बल्कि यह देखता है कि छात्र ने कितनी बार सुधार (Revision) और विचार (Reflection) किया।
    • डिजिटल कोच की भूमिका: इसमें छात्रों को एक विशेष इंटरफ़ेस मिलता है जहाँ एक AI चैट पैनल 'कोच' की तरह काम करता है। यह किसी मानवीय मित्र की तरह सुझाव देता है, लिखने से पहले चर्चा करता है और ड्राफ्ट में सुधार के क्षेत्र बताता है।
    • क्रिटिकल थिंकिंग को बढ़ावा: यह सिस्टम छात्र के बदले खुद कंटेंट नहीं लिखता। इसके बजाय, यह AI का उपयोग छात्र द्वारा लिखे की आलोचना करने, तार्किक कमियों को खोजने और विचारों को चुनौती देने के लिए करता है। इससे छात्र की अपनी मौलिकता बनी रहती है।
    • चीटिंग पर लगाम: यह सिस्टम छात्र के हर छोटे बदलाव और उसके Intention को ट्रैक करता है। यह शिक्षकों के लिए एक summary तैयार करता है, जिससे नकल करना लगभग असंभव हो जाता है और टीचर यह समझ पाते हैं कि विद्यार्थी का कौशल किस दिशा में जा रहा है।

3.  AI की गलतियों को सुधारना

AI द्वारा कई बार "Hallucinations" (भ्रम), गलत तथ्यों और मनगढ़ंत स्रोतों (Fabricated Sources) का generation होता है। रिपोर्ट के अनुसार:

  • सत्यापन: छात्रों को सिखाया जाना चाहिए कि वे AI द्वारा दी गई जानकारी का 'फैक्ट-चेक' कर सकें।
  • तर्क को पहचानना: इस पर भी विचारें कि क्या AI का दावा तार्किक है? क्या वह लेखक या स्रोत वास्तव में सही है और जो कार्य किया जा रहा है, उसमें विशेषज्ञ है?
         कुल मिलाकर, यह समझना ज़रूरी है कि हमारे विवेक के बिना AI का आउटपुट अधूरा और खतरनाक हो सकता है।

4. नैतिक द्वंद्व (Ethical Divide)

USC की रिसर्च में शिक्षकों के दो प्रमुख दृष्टिकोण सामने आए हैं:

  1. नियमों का पालन करने वाले: जो मानते हैं कि AI का उपयोग सख्त सिद्धांतों और प्राइवेसी के नियमों के तहत ही होना चाहिए।
  2. परिणाम चाहने वाले: जो मानते हैं कि यदि AI से दक्षता बढ़ती है या जिन क्षेत्रों में संसाधन सीमित हैं, में कार्य करने में मदद मिलती है, (अर्थात आवश्यकता है) तो इसका उपयोग कर लेना ही नैतिकता है।

रिपोर्ट यह भी बताती है कि शिक्षकों का आत्मविश्वास (Self-efficacy) और उनकी चिंता (Anxiety) ही यह तय करती है कि वे क्लास में AI को कितनी प्रभावी ढंग से लागू कर पाएंगे।

5. "A" ग्रेड का जाल और बेसिक्स ना समझ पाना

एक बड़ी चुनौती यह है कि छात्र अक्सर शिक्षा को केवल 'अच्छे ग्रेड' पाने के रूप में देखते हैं।

  • सीखने की आदत: जब ChatGPT आसानी से "A-ग्रेड" वाली पढ़ाई करवा देता है, तो छात्र उस 'संघर्ष' से दूर चले जाते हैं जो AI के बिना सीखने के लिए जरूरी है।
  • बुनियादी ज्ञान: शुरूआती कोर्सेज (जैसे- कैलकुलस या इंट्रोडक्टरी कोडिंग) में AI का अत्यधिक प्रयोग छात्रों की बेसिक समझ को कमजोर कर सकता है।

6. भविष्य की दिशा

यह हो कि, AI शिक्षकों की जगह नहीं ले, बल्कि उन्हें एक Facilitator बनाए। कुछ उदाहरण निम्न हैं:-

  • Personalized Learning: AI हर छात्र की जरूरत के हिसाब से लर्निंग प्लान बना सकता है।
  • Global Problem Solving: यह छात्रों को वैश्विक समस्याओं के लिए जटिल और अनुकूल समाधान खोजने में मदद करे।

गतिविधि श्रेणी

उदाहरण

विश्लेषण

AI से अपनी थीसिस में कमियां ढूंढना या विरोधी तर्क (Red Teaming) पैदा करना।

मूल्यांकन

AI द्वारा जनरेटेड कंटेंट में पक्षपात (Bias) या गलत जानकारी की जांच करना।

सृजन

किसी ऐतिहासिक व्यक्ति की शैली में पत्र लिखने का सिमुलेशन करना, लेकिन लेखन स्वयं का हो।


बॉटम लाइन 

कुल मिलाकर USC की यह रिपोर्ट स्पष्ट करती है कि तकनीक चाहे कितनी भी तेजी से क्यों न बढ़े, शिक्षा का मानवीय पहलू, भावनात्मक जुड़ाव, नैतिक मार्गदर्शन और मौलिक सोच, हमेशा केंद्र में रहना चाहिए। 

हमें छात्रों को केवल AI का 'उपभोक्ता' नहीं, बल्कि 'ज्ञान का निर्माता' बनाना है।

सन्दर्भ: https://today.usc.edu/wp-content/uploads/2024/02/USC_GenerativeAI_011624_FINAL.pdf

-०-

- डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी

अपने AI प्रॉम्प्ट को बदलिए एक मास्टरपीस प्रॉम्प्ट में!


इन दिनों AI (Artificial Intelligence) का प्रयोग अधिकतर व्यक्ति कर रहे हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि एआई प्रॉम्प्ट हैं क्या और कैसे उनका बेहतरीन इस्तेमाल किया जा सकता है? आइये AI Bodh पर जानते हैं कि प्रॉम्प्ट्स क्या हैं और कैसे एक प्रॉम्प्ट को बेहतर किया जा सकता है:

मित्रों, AI Prompt वह निर्देश या आदेश है जो हम Generative AI (जैसे ChatGPT या Gemini) को देते हैं ताकि वह हमारे लिए कोई काम कर सके। 

जैसे आप AI से कहते हैं -  "एक कविता लिखो" या "गणित का यह सवाल हल करो"।

प्रॉम्प्ट जितना साफ और स्पष्ट होगा, AI उतना ही अच्छा जवाब देगा। अगर आप सिर्फ कहेंगे "खाना," तो वह उलझ सकता है। लेकिन अगर आप कहेंगे "स्वस्थ खाने के 5 फायदे बताओ," तो यह एक पहले से बेहतर प्रॉम्प्ट है और आपको पहले से अधिक सटीक जानकारी मिलेगी।

'प्रॉम्प्ट' केवल शब्दों का समूह नहीं है, बल्कि यह कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Generative AI) की असीमित क्षमता को अनलॉक करने वाली एक डिजिटल चाबी है। एक सटीक और सही प्रॉम्प्ट द्वारा ही आप जो चाह रहे हैं, वैसा उत्तर मिलेगा। जिस तरह एक बेहतरीन सवाल में ही आधा जवाब छिपा होता है, उसी तरह एक प्रभावी प्रॉम्प्ट में ही आपके मनचाहे परिणाम की रूपरेखा अंकित होती है।

कई (अधिकतर) बार पहली बार में ही लिखे किसी नए प्रॉम्प्ट से चाही गई जानकारी नहीं मिल पाती है, हमें उसे फिर से लिखने (refine करने) की ज़रूरत होती ही है।

कुल मिलाकर सारा खेल 'प्रॉम्प्ट' यानी आपके द्वारा दिए गए निर्देशों का है। अगर आप AI से बेहतरीन और सटीक परिणाम (Output) चाहते हैं, तो आपको सही सवाल पूछना आना चाहिए। 

आज AI Bodh के इस ब्लॉग में आपको 10 प्रॉम्प्ट्स की मदद से अपने प्रॉम्प्ट्स को बेहतर करने की जानकारी दी गयी है। इन प्रॉम्प्ट्स के जरिये आप आपने प्रॉम्प्ट को सही कर सकते हैं और उस साधारण निर्देश को एक मास्टरपीस में बदल सकते हैं। आइये जानते हैं:

1. द सीनियर प्रॉम्प्ट रीराइटर इंजीनियर (The Senior Prompt Rewriter Engineer)

प्रॉम्प्ट: "एक सीनियर प्रॉम्प्ट इंजीनियर की तरह काम करें। मेरे निम्न प्रॉम्प्ट को फिर से लिखें ताकि वह अधिक स्पष्ट, विशिष्ट और हाई-क्वालिटी आउटपुट प्राप्त करने में प्रभावी हो।

[अपना प्रॉम्प्ट लिखें]"

लाभ: यह आपके साधारण शब्दों को एक प्रोफेशनल स्ट्रक्चर देता है।

2. मिसिंग डिस्क्रिप्शन फाइंडर (The Missing-Description Finder)

प्रॉम्प्ट: "मेरे निम्न प्रॉम्प्ट का विश्लेषण करें और मुझे बताएं कि इसमें कौन से संदर्भ (Context), विवरण या बाधाएं गायब हैं। फिर उन सभी को शामिल करते हुए इसे फिर से लिखें।

[अपना प्रॉम्प्ट लिखें]"

लाभ: AI खुद अपनी कमियां ढूंढकर उन्हें पूरा करता है।

3. द एक्यूरेट अपग्रेड (The Accurate Upgrade)

प्रॉम्प्ट: "इस प्रॉम्प्ट से सारी अस्पष्टता हटा दें। इसे इतना सटीक बनाएं कि मॉडल काम को समझने में कोई गलती न करे।

[अपना प्रॉम्प्ट लिखें]"

लाभ: 'लगभग' वाले नतीजों से छुटकारा और 100% सटीकता।

4. द मल्टी-एक्सपर्ट एडवाइजर (The Multi-Expert Advisor)

प्रॉम्प्ट: "मेरे प्रॉम्प्ट को एक ऐसे निर्देश में बदलें जो कई एक्सपर्ट पर्सना (जैसे: रणनीतिकार + विश्लेषक + लेखक) का एक साथ उपयोग करे।

[अपना प्रॉम्प्ट लिखें]"

लाभ: आपको एक ही जवाब में कई विशेषज्ञों की राय मिल जाती है।

5. द स्टेप-बाय-स्टेप थिंकर (The Step-By-Step Thinker)

प्रॉम्प्ट: "मेरे प्रॉम्प्ट को इस तरह बदलें कि मॉडल को हर स्टेप में सोचना पड़े,  मॉडल को रीजनिंग/तर्क का प्रयोग भी करना पड़े और लॉजिकल आउटपुट देना पड़े।

[अपना प्रॉम्प्ट लिखें]"

लाभ: जटिल समस्याओं को सुलझाने के लिए बेहतरीन।

6. द आउटपुट-फॉर्मेट कंसिस्टेंसी (The Output-Format Consistency)

प्रॉम्प्ट: "मेरे प्रॉम्प्ट को बदलें ताकि आउटपुट हमेशा इस फॉर्मेट का पालन करे: [अपना फॉर्मेट यहाँ लिखें]। प्रॉम्प्ट निम्न है : [अपना प्रॉम्प्ट लिखें]"

लाभ: आपको डेटा टेबल, लिस्ट या कोड जैसे मनचाहे फॉर्मैट में ही मिलता है।

7. एंटी-हैलुसिनेशन (The Anti-Hallucination)

प्रॉम्प्ट: "मेरे प्रॉम्प्ट में ऐसी सीमाएं जोड़ें जो AI को गलत जानकारी (Hallucinations), फालतू बातें या धारणाएं बनाने से रोकें।

[अपना प्रॉम्प्ट लिखें]"

लाभ: AI द्वारा दी जाने वाली गलत जानकारियों से बचाव।

8. द एक्सट्रीम क्लेरिटी प्रॉम्प्ट (The Extreme Clarity Prompt)

प्रॉम्प्ट: "मेरे प्रॉम्प्ट को दोबारा बनाएं ताकि इसे कोई साधारण व्यक्ति, जो विशेषज्ञ ना हो, भी समझ सके - लेकिन इसकी शक्ति और प्रोफेशनलिज्म बरकरार रहे।

[अपना प्रॉम्प्ट लिखें]"

लाभ: जटिल प्रोजेक्ट्स को सरल भाषा में समझाने के लिए।

9. द डीप-इन्साइट एनालिसिस (The Deep-Insight Analysis)

प्रॉम्प्ट: "मेरे प्रॉम्प्ट को फिर से लिखें ताकि प्रतिक्रिया में गहरी अंतर्दृष्टि (Deep Insights), एज केसेस, उदाहरण और विशेषज्ञ स्तर का विश्लेषण शामिल हो।

[अपना प्रॉम्प्ट लिखें]"

लाभ: केवल ऊपरी जानकारी नहीं, बल्कि विषय की गहराई तक पहुंच।

10. द रियूजेबल टेम्पलेट मेकर (The Reusable Template Maker)

प्रॉम्प्ट: "मेरे प्रॉम्प्ट को एक रियूजेबल फ्रेमवर्क/टेम्पलेट में बदलें जिसे मैं भविष्य में इसी तरह के कार्यों के लिए उपयोग कर सकूँ।

[अपना प्रॉम्प्ट लिखें]"

लाभ: बार-बार टाइप करने की मेहनत बचाएं और अपना खुद का टूलकिट बनाएं।

कुल मिलाकर, AI से बात करना एक कला है। ऊपर दिए गए प्रॉम्प्ट्स  refiners न केवल आपका समय बचाएंगे बल्कि आपकी उत्पादकता (Productivity) को कई गुना बढ़ा देंगे। आज ही इन्हें ट्राई करें और अपनी 'प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग' यात्रा की शुरुआत करें!

-0-

- डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी

Monday, 27 April 2026

क्या आप अभी भी ChatGPT 5.5 को सिर्फ “सवाल पूछो - जवाब लो” जैसे टूल की तरह यूज़ कर रहे हैं?


यदि आप अभी भी ChatGPT 5.5 को सिर्फ सवाल पूछो - जवाब लो जैसे टूल की तरह यूज़ कर रहे हैं तो इसका अर्थ कुछ ऐसा है, जैसे आपने एक लेटेस्ट कंप्यूटर खरीदा है और उसे सिर्फ कैलकुलेटर की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं।

ChatGPT 5.5 AI के case में अगर हम सवाल-जवाब की बजाय थोड़ा सा तरीका बदल दें, तो यही टूल हमारी रिसर्च टीम, कंटेंट राइटर, डेटा एनालिस्ट, मैनेजर, आइडिया मशीन और भी बहुत कुछ बन सकता है।

आइए कुछ ऐसे कार्यों पर चर्चा करते हैं, जो हमारी प्रोडक्टिविटी को कई गुना बढ़ा सकते हैं:-

1. मार्केट रिसर्च

अगर आप कोई नया प्रोडक्ट लॉन्च करना चाहते हैं। आमतौर पर इसमें हफ्तों लग जाते हैं :  मार्केट सर्वे, उन सर्वे की रिपोर्ट्स पढ़ना-समझना, प्रतियोगियों की strategies को समझना, ट्रेंड जानना, नए ट्रेंड्स बनाना, आदि जैसे कार्य बहुत वक्त लेते हैं।

अब यही काम आप एक स्मार्ट प्रॉम्प्ट से मिनटों में कर सकते हैं।

बस ChatGPT 5.5 से कहिए कि वह आपकी इंडस्ट्री का अच्छा विश्लेषण करे - ट्रेंड्स, कस्टमर बिहेवियर, प्रतियोगी, और छुपे हुए अवसर तक भी, हमें बताए।

फायदा क्या है?

आपको बिखरी हुई जानकारी की बजाय स्पष्ट insights मिलते हैं। और साथ ही आप कम समय में बेहतर निर्णय ले पाते हैं।

2. ऐसा कंटेंट बनाना जो “AI से लिखा हुआ” न लगे

हम सबने ऐसे कंटेंट्स देखे हैं, जिन्हें पढ़ते ही पता चल जाता है कि भाई, ये तो AI ने लिखा है।

लेकिन अगर आप सही निर्देश दें, तो वही AI मानवीय तरीके से, भावनात्मक रूप से जुड़े हुए और ऐसे कंटेंट लिख सकता है, जो मशीनी नहीं लगे।

जैसे, आप उसे कह सकते हैं कि वह कहानी के अंदाज़ में लिखे, उदाहरण दे, और आपके टार्गेट ग्रुप को ध्यान में रखते हुए लिखे। साथ ही यह भी बताएं कि ऐसे कंटेंट ना लिखें जो मशीन से लिखे हुए ना लगे, उनके वाक्य इस तरीके से हों जिनका स्ट्रक्चर मानवीय हो आदि-आदि। 

फायदा क्या है?

आपके बेहतर कंटेंट्स सिर्फ पढ़े नहीं जाते… महसूस किये जाते हैं। आपकी वैल्यू बढ़ती है। 

ध्यान रखें

लिखना एक ऐसा कार्य है, जो किसी अन्य ने, चाहे AI ही क्यों ना हो, हम उसे अपना नहीं कह सकते। AI ethics की पालना ज़रूर करें।

3. जटिल डेटा को आसान भाषा में समझना

बल्क डेटा को समझना तो मुश्किल है ही। जैसे, Excel शीट में हजारों डेटा हों तो, उन्हें समझने में दिमाग घूम जाता है।

तो फिर AI है ना! AI को डेटा दीजिए और कहिए कि उस डेटा का विश्लेषण करे और आसान भाषा में समझाए - इस डेटा में कौन सा ट्रेंड है, क्या सही है - गलत है, और इन डेटा के अनुसार क्या निर्णय लेना चाहिए? आदि-आदि।

फायदा क्या है?

जो चीज़ पहले सिर्फ एक्सपर्ट समझते थे और बताते थे, अब कोई भी मिनटों में जान सकते हैं।

4. प्रोडक्ट डिस्क्रिप्शन

कई बार प्रोडक्ट तो अच्छा होता है, लेकिन उसका डिस्क्रिप्शन कमजोर होता है। तब सेल्स में बहुत मुश्किल आती है। 

AI से कहिए कि वह आपके प्रोडक्ट डिस्क्रिप्शन को ऐसे लिखे जैसे कोई अच्छा ब्रांड लिखता है, जिसमें फीलिंग्स भी जुडी हो और जो किसी समस्या का समाधान भी दिखाए। लेकिन किसी भी ब्रांड का कॉपी-पेस्ट ना लगे।

फायदा क्या है?

सही तरह से बताए गए फीचर्स वायरल हो जाते हैं… और वही रियल सेल्स में बदल जाते हैं।

5. पढ़ाई और सीखना - तेज़ भी, आसान भी

कठिन विषयों को समझना अक्सर एक बड़ा चैलेंज होता है।

AI से कहिए कि वह किसी कॉन्सेप्ट को आसान उदाहरणों, स्टेप-बाय-स्टेप तरीके और रियल-लाइफ केस स्टडीज से समझाए। यह भी कह सकते हैं कि इस तरह से समझाए जैसे मैं दसवीं क्लास का स्टूडेंट हूँ 

फायदा क्या है?

सीखना बोझ नहीं लगेगा, समझ में आएगा और जो समझ में आएगा, वो लंबे समय तक याद भी रहता है।

6. वायरल वीडियो स्क्रिप्ट

सोशल मीडिया की किसी रील की बात करें तो, 5-10 सेकंड में ध्यान खींचना एक काफी बड़ी कला है।

AI से कहिए कि वह वीडियो की शुरुआत एक दमदार हुक से करे, मध्य भाग में तेज़ और रोचक कहानी रखे, और अंत में स्पष्ट कॉल-टू-एक्शन दे।

फायदा क्या है?

आपकी रील को लोग स्क्रॉल कर, बिना देखे, आगे नहीं बढ़ेंगे, रुकेंगे - जुड़ेंगे और शेयर भी करेंगे।

7. स्मार्ट टीम मैनेजमेंट

एक टीम संभालने का मतलब सिर्फ टास्क देना नहीं होता, बल्कि मोटिवेट करना, सही कम्युनिकेशन और बेहतर माहौल बनाए रखना भी उतना ही ज़रूरी है।

AI से पूछिए कि आपकी टीम या प्रोजेक्ट को बेहतर तरीके से कैसे मैनेज किया जाए। अपनी कंपनी की जानकारी भी दें, ताकि वह आपको सही निर्णय लेने वाली बातें बता सके

फायदा क्या है?

आपकी टीम बेहतर आउटपुट देगी।

8. आइडियाज़ की कोई कमी नहीं

कभी-कभी हम सब एक जगह अटक जाते हैं की कोई नया आइडिया नहीं आ रहा है।

AI से कहिए कि वह अलग-अलग क्रिएटिव तकनीकों से नए और unique आइडियाज़ दे और वो भी आज के समय के अनुसार।

फायदा क्या है?

आप सिर्फ एक आइडिया नहीं, बल्कि एक सही और बेहतर दिशा भी प्राप्त कर सकते हैं।

बॉटम लाइन

AI की शक्ति इस बात में नहीं है कि वह कितना जानता है। 

शक्ति इस बात में है कि आप उससे कैसे पूछते हैं।

सही प्रॉम्प्ट = सही परिणाम = ऐसी टीम (AI) जो कभी थकती नहीं।

साथ ही भूले नहीं - AI पर over dependent नहीं रहें और AI Ethics का पालन ज़रूर करें।

-०-

- डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी

Sunday, 26 April 2026

GPT-5.5: एआई (AI) के क्षेत्र में बड़ी छलांग

"AI लगातार बेहतर हो रहा है"

- यह वाक्य अब एक सामान्य स्टेटमेंट है, लेकिन GPT-5.5 के बाद बेहतरी भी थोड़ी अलग हो गयी है। अब Chatgpt AI सिर्फ सवालों के जवाब देने वाला टूल नहीं रहा। बल्कि, उसके साथ आप ऐसा भी महसूस कर सकते हैं, जैसे आप किसी डिजिटल साथी के साथ काम कर रहे हैं।

आप प्रॉम्प्ट (अपना काम) लिखते हैं और AI उसे पढ़कर और पहले से काफी ज़्यादा समझदारी के साथ समझकर आगे बढ़ता है। GPT-5.5 में यही सबसे बड़ा बदलाव है।

इसी माह अप्रैल 2026 में OpenAI ने GPT-5.5 को लॉन्च किया। इस मॉडल को “Spud” नाम दिया गया है, और Greg Brockman (President of OpenAI) ने इसे “नई तरह की इंटेलिजेंस” कहा है। सुनने में बड़ा लगता है, लेकिन जब आप इसे उपयोग में लेंगे, तो बात समझ में आने लगती है।

कुल मिलाकर फर्क यह है कि AI को अब हर छोटी चीज़ समझानी नहीं पड़ेगी, अगर प्रॉम्प्ट थोड़ा अस्पष्ट भी हो, तो AI खुद उसका विश्लेषण कर समझता है, आगे के स्टेप खुद ही तय करता है, और काम को सही तरीके से पूरा करने की कोशिश करता है। अर्थात, वह आपके एक दोस्त की तरह आपको समझता है और यदि आपने उसे कोई बात अधूरे तरीके से भी कह दी हो तो भी वह उसे सही तरीके से करने की कोशिश करता है और अधिकतर बार इस कोशिश में सफल हो जाता है। यही वजह है कि लोग इसे अब सिर्फ टूल नहीं, बल्कि एक AI coworker मानने लगे हैं।

1. GPT-5.5 क्या-क्या अच्छे से कर सकता है?

कुछ काम हैं, जिनमें यह बेहतर हो गया है:

  • सॉफ्टवेयर प्रोग्राम्स के कोड लिखना और उसे ठीक करना
  • इंटरनेट से कोई जानकारी ढूंढ कर दर्शाना
  • डेटा को समझ लेना और आगे समझाना भी
  • डॉक्यूमेंट और स्प्रेडशीट बनाना (माइक्रोसॉफ्ट वर्ड और एक्सेल की तरह)
  • अलग-अलग सॉफ्टवेयर में काम कर लेना
  • एक टूल से दूसरे टूल में जाकर भी काम पूरा कर लेना

पहले AI मदद करता था। अब यह कई बार काम पूरा करके देता है

2. सॉफ्टवेयर प्रोग्राम्स की कोडिंग में बड़ा बदलाव

Codex के साथ GPT-5.5 का असर और साफ दिखता है। अब यह सिर्फ कोड लिखकर नहीं रुकता। यह वेब ऐप्स खोल सकता है, क्लिक कर सकता है, टेस्ट कर सकता है, स्क्रीनशॉट ले सकता है, और फिर उसी हिसाब से बदलाव भी कर सकता है।

सीधे शब्दों में - अब यह पूरा सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट प्रोसेस संभालने लगा है।

3. स्पीड और समझ (शक्ति और बुद्धि) - दोनों साथ

अक्सर हमें लगता है कि या तो चीज़ तेज होगी या स्मार्ट। लेकिन यहाँ दोनों मिल रहे हैं। GPT-5.5 तेज भी है और बेहतर सोच भी लेता है। साथ ही, कम संसाधनों में सही कार्य कर लेता है।

इससे,

  • काम जल्दी होता है
  • जवाब बेहतर आते हैं
  • और मेहनत थोड़ी कम लगती है
4. हमें वास्तविकता में क्या फायदा हुआ?

जिन्होंने इसका प्रयोग किया है, उनका अनुभव बताता है कि उनका काम तेज़ और बेहतर हुआ है। कुछ टीम्स ने तो कहा कि वे हर हफ्ते लगभग 10 घंटे बचा पा रहे हैं

मतलब हमें हर हफ्ते एक extra दिन मिल सकता है। सोचिये फर्क? 

5. कुछ नए फीचर्स

GPT-5.5 में कुछ नए टूल्स भी आए हैं, जो काम को आसान बनाते हैं:

  • Thinking Mode: जब काम मुश्किल हो, तो यह थोड़ा रुककर बेहतर तरीके से सोचता है
  • Pro Mode: जब काम बहुत जरूरी हो, तो यह और गहराई से काम करता है
यह दोनों हालाँकि Gemini में पहले से उपलब्ध हैं।

6. परिवर्तन एक दृष्टि में:
  • यह पहले से ज्यादा स्मार्ट है
  • स्पीड बेहतर हुई है
  • बड़े और उलझे काम कर सकता है
  • ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद है
  • और लगातार बेहतर होता जा रहा है
7. एक जरूरी बात!

इतना सब होने के बाद भी, यह परफेक्ट नहीं है।

  •  जटिल काम में अभी भी प्रोम्प्ट्स में कई बार स्पष्ट निर्देश देने पड़ते हैं
  • कभी-कभी यह जरूरत से ज्यादा confident हो जाता है, इसलिए इसके बताए को एक बार वेरीफाई ज़रूर करें

AI काम कर सकता है, लेकिन सही दिशा अभी भी इंसान ही देता है।

Bottom Line

GPT-5.5 के साथ यह स्पष्ट है कि, 

हम AI से सिर्फ सवाल नहीं पूछ रहे, 

हम उसे काम दे रहे हैं।

और वह काम कर रहा है।

शायद आने वाले समय में, AI हमारे साथ काम करने वाला एक भरोसेमंद साथी बन जाए।

-0-

- डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी

Saturday, 25 April 2026

AI स्टैक 2026: टूल्स जो आपको सुपरक्रिएटर बना सकते हैं


इस वर्ष 2026 में सिर्फ मेहनत करना काफी नहीं है। इस साल असली लाभ आप तभी उठा सकते हैं, जब आप सही AI टूल्स के साथ स्मार्ट काम करें। दुनिया इतनी तेज़ बदल रही है कि हर creator, industrialist और developer को एक ठोस AI Stack चाहिए।

तो आज एक ऐसे अपडेटेड AI स्टैक पर चर्चा करते हैं, जो आपके लिए इस वर्ष 2026 में काम आसान और पहले से ज्यादा प्रोफेशनल तरीके से कर सकता है। 

आपके इंटरेस्ट के अनुसार यह AI स्टैक निम्न है:

1. कंटेंट और स्क्रिप्ट लिखना

लेखन, आइडिया जेनरेशन और कोडिंग के लिए निम्न मॉडल बहुत सटीक हैं:

  • Claude AI & ChatGPT – क्रिएटिव राइटिंग और रीजनिंग के लिए।
  • DeepSeek V3.2 & Qwen – कोडिंग और मैथ्स की पेचीदा समस्याएं सुलझाने के लिए।
  • Gemini – गूगल इकोसिस्टम से जुड़कर काम करता है, कई कार्यों के लिए।

नोट: अब ChatGPT में "Memory" फीचर है – आपकी आदतें याद रखता है

2. रिसर्च और ट्रेंड्स

यह जानना ज़रूरी है कि वैश्विक से लेकर लोकल मार्केट में क्या चीज़ें ट्रेंड में हैं। इसके लिए निम्न टूल्स का प्रयोग कर सकते हैं:

  • Perplexity AI & Grok – रियल-टाइम जानकारी के लिए।
  • NotebookLM – अपने नोट्स और दस्तावेज़ों को अपलोड कीजिए और उनके अनुसार आपके प्रश्नों के उत्तर देगा।
  • Google Trends – कौन से टॉपिक्स वायरल हो रहे हैं, यह जानने के लिए।
  • AlsoCheck (नया टूल) – गूगल ट्रेंड्स की तरह ही एनालिसिस करता है।

3. ऑटोमेशन और AI एजेंट्स (पूरे workflow का ऑटोमेशन)

आप सोए रहो, काम होता रहे – यह AI की सबसे बड़ी क्षमताओं में एक है।

  • n8n & Make – जटिल वर्कफ्लो को आसानी से ऑटोमेट करते हैं।
  • OpenClaw & Coze – अपने खुद के AI एजेंट बनाने के लिए।
  • Zapier AI – अब और भी स्मार्ट हो गया है, 2026 में आज़मा कर देखिये ज़रूर।

4. क्रिएटिव विजुअल्स (इमेज और वीडियो)

इमेज जनरेशन

  • Nano Banana 2 (Gemini 3 Flash Image) – काफी रियलिस्टिक।
  • Images 2.0 - ChatGPT का नया और इंटेलिजेंट टूल।
  • Adobe Firefly – प्रोडक्शन लेवल डिज़ाइन के लिए।
  • Canva AI – जल्दी और आसानी से बनाएं।

वीडियो जनरेशन

  • Wan Video & Kling AI – हाई-डेफिनिशन, सिनेमा जैसा लुक।
  • Runway Gen-4 (नया Edition) – मोशन कंट्रोल बहुत बेहतर हुआ है।

वीडियो एडिटिंग

  • CapCut & DaVinci Resolve – प्रोफेशनल कटिंग, कलर ग्रेडिंग, और AI ऑटो-एडिट।

5. ऑडियो और म्यूज़िक

Voice & Audio

  • ElevenLabs – सबसे नैचुरल वॉयस क्लोनिंग।
  • Adobe Podcast – Noise हटाने और ऑडियो Clean करने के लिए।

Music Generation

  • Lyria 3 & Suno AI – 30 सेकंड में प्रोफेशनल म्यूज़िक ट्रैक।
  • Udio – बेहतरीन वोकल्स और स्टाइल कंट्रोल।

 6. डिजिटल अवतार (Faceless वीडियो)

Faceless यूट्यूब चैनल या कोर्स वीडियो के लिए कमाल के टूल्स:

  • HeyGen, D-ID, Synthesia – आपका डिजिटल अवतार बनाएं, जो बिल्कुल आपकी तरह बात करे।
  • Colossyan (नया) – कॉर्पोरेट ट्रेनिंग वीडियो के लिए काफी बढ़िया टूल।

7. प्लानिंग और पब्लिशिंग 

मैनेजमेंट

  • Notion – सब कुछ एक जगह स्टोर कर सकते हैं।
  • Gamma – AI के साथ बेहतरीन प्रेजेंटेशन बनाएं।

डिस्ट्रीब्यूशन

  • Substack – न्यूज़लेटर प्रारम्भ करने के लिए।
  • Buffer – सोशल मीडिया पर पोस्ट शेड्यूल करें।
  • Typefully – थ्रेड्स और लिंक्डइन के लिए ज़रूरी टूल।

8. कोडिंग और डिप्लॉयमेंट

  • Cursor – AI-powered कोड एडिटर, कोडिंग की स्पीड बढ़ा सकता है।
  • GitHub Copilot – अब और बेहतर हुआ है, 2026 में ज़रूर ट्राई करें।
  • Cloudflare & Vercel – होस्टिंग, सिक्योरिटी और स्केलिंग के लिए।

9. AI Learning और Community 

  • Google AI Certificate & OpenAI Academy – फ्री में बढ़िया और इंटरनेशनल कोर्स।
  • YouTube AI Tutorials – सबसे बड़ा और फ्री स्कूल।
  • Discord सर्वर – जैसे "AI Builders" या "Latent Space", इस कम्युनिटी में एक्सपर्ट्स से सीधे जुड़ सकते हैं।
  • r/LocalLLaMA (Reddit) – असली बात तो यहाँ है, जहां लोग खुद अपने मॉडल्स run कर सकते हैं।

Bottom Line

2026 का यह AI Stack आपको हर समस्या का हल दे सकता है – बशर्ते आप सिर्फ एक या दो टूल्स पर न रुकें। चाहे आप लेखक हों, फिल्म मेकर हों या कोडर, इन टूल्स का सही कॉम्बिनेशन आपको सुपर-क्रिएटर बना सकता है।

-०-

- डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी

Thursday, 23 April 2026

मॉडर्न Text-to-Image AI सिस्टम: ChatGPT Images 2.0



 क्या आपने कभी सोचा है कि सिर्फ कुछ शब्द लिखकर ही एक बढ़िया पिक बनाई जा सकती है? आज कई AI टूल्स यह काम कर रहे हैं, और अब ChatGPT ने भी एक बेहतर टूल पेश किया है।

यह टूल है – ChatGPT Images 2.0

यह नया AI टूल आपके टेक्स्ट को समझता है और कुछ ही सेकंड में प्रोफेशनल और आकर्षक इमेज बना देता है। चाहे पोस्टर बनाना हो, सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करना हो या कोई क्रिएटिव डिजाइन, अब यह काम पहले से कहीं आसान हो गया है।

AI Bodh (एआई बोध) पर पूरा ब्लॉग पढ़ें और जानें इसके बारे में:

क्या है ChatGPT Images 2.0

ChatGPT Images 2.0 एक नवीनतम AI मॉडल है, जो दिए गए टेक्स्ट के आधार पर उच्च गुणवत्ता वाली इमेज तैयार करता है।

मुख्य विशेषताएँ

1. सोचने-समझने की क्षमता

यह सिर्फ चित्र नहीं बनाता। पहले आपके प्रॉम्प्ट को समझता है, फिर उस पर काम करता है। जटिल निर्देशों को भी सही तरीके से विश्लेषित कर सटीक परिणाम देता है।

2. बेहतर प्रॉम्प्ट समझ
प्रॉम्प्ट में जो लिखा होता है, यह उसे ध्यान से फॉलो करता है। इमेज में वस्तुओं की स्थिति, अनुपात और आपसी संबंध भी सही बनाए रखता है।

3. चित्र में स्पष्ट टेक्स्ट
अगर आप पोस्टर या बैनर बना रहे हैं, जिसमें टेक्स्ट शामिल है, तो यह साफ और पढ़ने योग्य टेक्स्ट देता है। पहले के मॉडलों में यह एक बड़ी समस्या थी।

4. बहुभाषीय क्षमता
यह हिंदी, अंग्रेज़ी और कई अन्य भाषाओं को समझ सकता है और उन पर आसानी से काम करता है।

5. उच्च गुणवत्ता वाली पिक्स
एक ही प्रॉम्प्ट से कई उच्च गुणवत्ता वाली इमेज बना सकता है। आउटपुट ज्यादा यथार्थवादी और आकर्षक दिखता है।


पहले के मॉडल: केवल इमेज बनाते थे
Images 2.0: समझता है → विश्लेषण करता है → इमेज बनाता है


ChatGPT Images 2.0 को उपयोग में कैसे लें?

इसे इस्तेमाल करना आसान है। नीचे दिए गए स्टेप्स देखें:

1. ChatGPT खोलें

  • ChatGPT ऐप या वेबसाइट पर जाएँ
  • Image generation (इमेज बनाने) का विकल्प चुनें

2. अपना Prompt लिखें
जिस इमेज की जरूरत है, उसे साफ शब्दों में लिखें
उदाहरण:
“सूर्यास्त के समय पहाड़ों के बीच झील के किनारे एक लकड़ी का घर, सुंदर आसमान”

3. Style और Details जोड़ें
आप चाहें तो स्टाइल भी जोड़ सकते हैं:

  • realistic
  • watercolor
  • cartoon
  • 3D
उदाहरण:
“realistic style, high quality, 4K”

4. Generate बटन दबाएँ

  • AI कुछ ही सेकंड में इमेज तैयार कर देगा
  • कई बार एक से ज्यादा विकल्प भी मिलते हैं

5. Edit / Refine करें
अगर इमेज आपके अनुसार ठीक नहीं है तो:
प्रॉम्प्ट बदलें
जैसे, “और bright करें”, “background बदलें” जैसे निर्देश दें

बेहतर रिजल्ट के लिए टिप्स

  • प्रॉम्प्ट जितना स्पष्ट होगा, इमेज उतनी अच्छी बनेगी
  • रंग, जगह, समय और स्टाइल जरूर बताएं
  • बहुत अस्पष्ट शब्दों से बचे

Prompt में ये चीजें जरूर जोड़ें

  • Style (realistic, cartoon, watercolor)
  • Quality (HD, 4K, 8K)
  • Lighting (cinematic, soft light)

Prompts के 10 उदाहरण

1. प्रकृति
“सूर्यास्त के समय पहाड़ों के बीच शांत झील, किनारे पर लकड़ी का घर, सुनहरा आसमान, realistic style, 4K”

2. भविष्य का शहर
“भविष्य का स्मार्ट शहर, उड़ने वाली गाड़ियाँ, neon lights, रात का दृश्य, cyberpunk style, ultra HD”

3. AI वर्कस्पेस
“एक व्यक्ति लैपटॉप पर काम करते हुए, आसपास hologram screens, AI dashboard, futuristic office, cinematic lighting”

यह कुछ ऐसा बनेगा





4. अपना देश - भारत 
“भारत का सांस्कृतिक दृश्य, बहुत सुंदर, तिरंगा, ऐतिहासिक स्मारक, रंग-बिरंगे लोग, शहीद, वीर, सेना vibrant colors, artistic style”

5. पोस्टर डिजाइन
“Digital marketing poster, bold text ‘Big Sale 50% Off’, bright colors, modern typography, clean layout”

6. पर्यावरण थीम
“धरती को हाथों में पकड़े हुए, एक बच्चा मुस्कुराता हुआ, हरे पेड़, स्वच्छ वातावरण, blue sky, eco-friendly concept, realistic style”

7. शिक्षा
“एक आधुनिक classroom, स्मार्ट बोर्ड, शिक्षक, विधार्थी टैबलेट से पढ़ते हुए, bright lighting, realistic, high detail”

8. अंतरिक्ष
“अंतरिक्ष में ग्रह, तारे, दूर अपना सूरज और धरती भी, आकाशगंगा, astronaut तैरता हुआ, deep space, highly detailed, 8K”

9. शांत वातावारण
“सुबह के समय, जब सूर्योदय हो रहा है, नदी किनारे योग करते हुए व्यक्ति, शांत वातावरण, soft colors, peaceful mood”

10. सिनेमैटिक पोर्ट्रेट
“एक व्यक्ति का cinematic portrait निम्न के अनुसार बनाएं - dramatic lighting, dark background, ultra realistic, 4K, sharp focus”

आइये इसे आज ही उपयोग में लें, 

वैसे इस ब्लॉग में जो pics हैं, वे भी ChatGPT Images 2.0 से ही बनी हैं

-०-

- डॉ. चंद्रेश कुमार छ्तलानी







Wednesday, 22 April 2026

अब छोटे AI मॉडल भी हैं सुपर-स्मार्ट : LLM से SLM तक स्मार्टनेस



आज AI की दुनिया में एक बड़ा बदलाव आ रहा है

पहले सोचा जाता था – सिर्फ बड़े मॉडल (LLMs) ही मुश्किल काम कर सकते हैं, जिनमें 100B+ पैरामीटर हों।

लेकिन अब ऐसा नहीं है।

Small Language Models (SLMs) भी उतने ही सक्षम हो रहे हैं।
और सबसे अच्छी बात – ये स्मार्ट भी हैं, हल्के भी।

इसके पीछे दो बेसिक तकनीकें हैं:

Distillation और Quantization

आइये इन तकनीकों पर बात करते हैं।

1. Distillation – सिर्फ जवाब नहीं, सोचने का तरीका सीखना

एक उदाहरण पर चर्चा करते हैं:
एक अनुभवी शेफ (LLM के स्थान पर) और एक नया कुक (SLM के स्थान पर)।

पुरानी तकनीक (Logit Matching) – बस रट्टा

पहले SLM को सिर्फ शेफ का अंतिम रेसिपी याद कराया जाता था।
जैसे – शेफ ने कहा “इस डिश में 2 चम्मच नमक डालना है”, और नए कुक ने रट लिया।

नतीजा?
नया कुक एक वही डिश ही बना पाता था, जो उस बताई गई थी।
लेकिन अगर उसी नमक को किसी अन्य सब्ज़ी में डालना हो, या खिचड़ी में, तो वह गड़बड़ कर देता था।

क्योंकि उसने “कब, क्यों और कैसे” नहीं सीखा था।
उसने सिर्फ “कितना नमक” रटा था।

आधुनिक तकनीक (Step-by-Step Distillation) – चरण दर चरण तरीका

अब शेफ नौसिखिए को सिर्फ नमक की मात्रा नहीं बताता।
वह पूरा तरीका समझाता है:

“पहले देखो क्या बना रहे हो – दाल है या सब्ज़ी? फिर सोचो, दाल में नमक थोड़ा कम, सब्ज़ी में थोड़ा ज़्यादा। फिर चखकर तय करो।”

फायदा क्या है?

नया कुक (SLM) अब क्या-कितना डालना है” के साथ-साथ “किस के साथ कैसे का decision लेना”, भी सीख लेता है

इससे वह आगे चलकर कोई नई डिश खुद भी बना सकता है – बिना शेफ के बताए। और फिर वह आगे चलकर नए और मुश्किल सवालों को खुद हल कर पाता है।

2. Quantization – भारी दिमाग को हल्का और तेज़ बनाना

अब दूसरी बात।
मॉडल तो स्मार्ट हो गया, लेकिन उसे चलाना है पुराने फोन या छोटे स्मार्टवॉच जैसे डिवाइस पर। यानी उसकी मेमोरी कम करना ज़रूरी है। इसके लिए प्रक्रिया है – Quantization।

इसका मतलब है – जानकारी को छोटा करके पैक करना
जैसे किसी एक बड़े सूटकेस की जगह एक छोटे बैग में सामान भरना हो, तो हम, जरूरी सामान चुन कर कम कर देते हैं।

उदाहरणस्वरूप, एक स्टूडेंट के पास 20 किताबों का भारी बस्ता है। अगर उसे हल्का कर दें – जैसे सिर्फ 5 ज़रूरी किताबें रखें – तो वह तेज़ चलेगा और कम थकेगा।

बस यही काम है Quantization का – कम मेमोरी, ज़्यादा स्पीड

चुनौती – The Gradient Gap

लेकिन यहाँ एक समस्या सामने आती है।
जब हम किसी सोल्यूशन पर काम करते समय नंबरों को राउंड ऑफ करते हैं (जैसे 3.78 को 4 बना देना), तो सीखने की प्रक्रिया अटक जाती है।

क्योंकि यह “राउंड ऑफ करना” एक ऐसा काम है, जो स्मूथ नहीं होता और थोड़ी सटीकता खो जाती है।

समाधान – Straight-Through Estimator (STE)

समाधान थोड़ा टेक्निकल है, लेकिन थोड़ी आसान भाषा में समझते हैं:

  • Forward Pass (जब मॉडल काम कर रहा हो) – नंबरों को राउंड ऑफ किया तो जाता है।

  • Backward Pass (जब मॉडल सीख रहा हो) – इस समय यह मान लिया जाता है कि कोई राउंड ऑफ नहीं किया गया।

इस ट्रिक से AI की सीखने की प्रक्रिया बिना रुके चलती रहती है।
यदि राउंड ऑफ करने से गलती हो रही हो सकती है, लेकिन हम बहाना करते हैं कि राउंड ऑफ किया ही नहीं गया, ताकि सीखना निरंतर रहे, वह कहीं अटके नहीं।

3. इस कार्य में प्रयुक्त मुख्य तकनीकों पर एक दृष्टि:

तकनीक

आसान परिभाषा

AI में क्या करती है

Step-by-Step Distillation

सोचने का तरीका सीखना

इंटेलिजेंस और लॉजिकल रीजनिंग

Quantization

डेटा को कंप्रेस (कम से कम) करना

कम मेमोरी की ज़रूरत, हाई स्पीड (Efficiency)

STE (Straight-Through Estimator)

राउंड ऑफ के बावजूद सीखना

ट्रेनिंग के दौरान एक्यूरेसी बनाए रखना

निष्कर्षतः, AI का भविष्य सिर्फ बड़े मॉडल्स में नहीं है। ताकत अब स्मार्टली ट्रेंड छोटे मॉडल्स में भी है।
-०-
- डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी

Monday, 20 April 2026

AI - एक टीचर का Thought Partner

आज के AI युग में, शिक्षा का परिदृश्य तेजी से बदल रहा है। अब सवाल यह नहीं है कि हमें AI का उपयोग करना चाहिए या नहीं, बल्कि यह है कि हम इसका उपयोग कितने बेहतर तरीके से कर सकते हैं । यह भी ध्यान देने योग्य है कि, एक शिक्षक के रूप में, AI आपका विकल्प नहीं है, बल्कि यह आपका एक Thought Partner है जो आपकी शिक्षण क्षमता को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकता है।

आज के शिक्षक सिर्फ पढ़ाने वाले नहीं है, वे योजनाकार हैं, मार्गदर्शक हैं, मेंटर हैं और आजीवन सीखने वाले विद्यार्थी भी हैं। काम बढ़ रहा है, समय घट रहा है, ऐसे में Artificial Intelligence एक सहायक के रूप में सामने आ ही जाता है। AI शिक्षक की जगह नहीं ले सकता - यह शिक्षक को बेहतर बनाता है, गति तेज़ करता है और प्रभावी बनाता है। आइये AI Bodh पर इस विषय पर कुछ बातें समझते हैं:

1. AI आपका Personal Learning Assistant:

किसी भी समय रात में - दिन में आप किसी लेसन को पढ़ रहे होते हैं और चाहते हैं कि कोई साथ होता जिससे आप चर्चा कर सकें, अपनी बात समझा सकें - कुछ नया पा सकें... मित्रों, AI इस कमी को पूरा करता है। यह एक स्पेस देता है जहाँ आप कक्षा में जाने से पहले अपने विचारों के साथ प्रयोग कर सकते हैं।

लेसन प्लानिंग: आप AI से अपनी पाठ योजना पर फीडबैक मांग सकते हैं या छात्रों की सक्रियता बढ़ाने के लिए सुझाव ले सकते हैं।

छात्रों की विविधता के अनुसार मदद: चाहे स्टूडेंट बेक बेन्चर हो, शांत हो या भाषा की चुनौतियों का सामना करने वाला (ELL) विद्यार्थी, AI आपको हर बच्चे के हिसाब से शिक्षण सामग्री तैयार करने में मदद कर सकता है।

इन्हें आज़माएँ (Sample Prompts): (इनमें [] के अंदर आप अपने अनुसार बदल सकते हैं, प्रांप्ट भी बेहतर कर सकते हैं)

"मैं कल [ग्रेड लेवल] के छात्रों को [विषय] पढ़ाने जा रहा हूँ। मेरी पाठ योजना में [गतिविधियों का विवरण] शामिल है। एक अनुभवी शिक्षक के रूप में मुझे छात्रों की भागीदारी बढ़ाने के लिए तीन विशिष्ट सुझाव दें, खासकर उन छात्रों के लिए जो गतिविधियों के माध्यम से सीखते हैं (kinesthetic learners)। मेरी योजना में संभावित भ्रम के बिंदुओं को भी बताएं।" 

या फिर

“मैं कक्षा [कक्षा] के विद्यार्थियों को [विषय] पढ़ा रहा हूँ। मेरे लेसन प्लान में ये गतिविधियाँ हैं: [संक्षेप में लिखें]। एक अनुभवी शिक्षक की तरह 3 सुझाव दें जिससे छात्रों की भागीदारी बढ़े, खासकर एक्टिविटी आधारित सीखने वाले विद्यार्थियों के लिए।”

ये भी प्रयोग कीजिए:

“इस टॉपिक [विषय] को तीन स्तरों (कमजोर, औसत, तेज) के छात्रों के लिए अलग-अलग तरीके से समझाइए।”

“इस विषय [विषय] के लिए कमजोर छात्रों हेतु सरल नोट्स और उदाहरण तैयार करें।”

2. रिसर्च और अपडेट्स

शिक्षा जगत में हो रहे नए रिसर्च के साथ अपडेट रहना अब घंटों लाइब्रेरी में बिताने का काम नहीं रह गया है।

तथ्यों का संश्लेषण: Consensus और Scite जैसे टूल्स जटिल शोध पत्रों को सरल भाषा में समझा सकते हैं और यह भी बताते हैं कि अन्य शोधकर्ताओं ने उस पर क्या राय दी है।

स्मार्ट लर्निंग: NotebookLM जैसे टूल्स की मदद से आप लंबे PDF अपलोड करके उनसे उन फाइल्स सम्बंधित सीधे सवाल पूछ सकते हैं। उनमें लिखे के की-पॉइंट्स, संक्षिप्तीकरण आदि जान सकते हैं।

इन्हें आज़माएँ (Sample Prompts):

"पिछले 3 महीनों में  विश्व / देश के बेहतरीन शिक्षकों के बीच [विषय, जैसे: 'AI ग्रेडिंग टूल्स'] को लेकर हो रही चर्चाओं को संक्षेप में बताएं। उन टूल्स पर ध्यान दें जिनकी शिक्षक सिफारिश कर रहे हैं और उनके सामने आने वाली चुनौतियों का भी जिक्र करें।" 

“एक शोध लेख संलग्न किया है इस शोध लेख का सार सरल हिंदी में समझाइए और कक्षा में इसका उपयोग कैसे कर सकते हैं, यह भी बताइए।”

3. Practice Partner

AI आपको कठिन परिस्थितियों के लिए तैयार करने में मदद करता है, जिससे आपकी व्यावसायिक दक्षता बढ़ती है।

कठिन बातचीत का अभ्यास: आप AI को एक नाराज अभिभावक या एक संघर्ष कर रहे छात्र की भूमिका निभाने के लिए कह सकते हैं।

फीडबैक: रोल-प्ले के बाद आप AI से पूछ सकते हैं कि आपकी बातचीत में कहाँ सुधार की गुंजाइश थी।

इन्हें आज़माएँ (Sample Prompt):

"आप एक ऐसे अभिभावक की भूमिका निभाएं जो अपने बच्चे की पढ़ाई की प्रगति को लेकर चिंतित है। आइए अभ्यास करें कि मैं कैसे रचनात्मक रूप से इसका जवाब दे सकता हूँ।" 

“आप एक ऐसा छात्र बनिए जो बार-बार क्लास में बाधा डालता है। मुझे उसे सकारात्मक तरीके से संभालने का अभ्यास कराइए।”

4. स्वयं का मूल्यांकन और चिंतन (Reflective Practice)

एक बेहतरीन शिक्षक वही है जो अपने शिक्षण पर निरंतर आत्मचिंतन करता है।

पैटर्न पहचानना: AI आपके पिछले कई हफ्तों के अनुभवों का विश्लेषण कर यह बता सकता है कि आपको किस तरह के पाठों में सबसे ज्यादा सफलता मिल रही है।

इन्हें आज़माएँ (Sample Prompts):

"आप एक 'इंस्ट्रक्शनल कोच' हैं। मेरे गणित के पाठ के बारे में इस चिंतन (Reflection) को पढ़ें और मेरी सोच को और गहरा करने के लिए मुझसे तीन सवाल पूछें: [अपना चिंतन यहाँ लिखें]। छात्र जुड़ाव और मूल्यांकन पर ध्यान दें।"

“आप एक  शिक्षक के ट्रेनर की भूमिका निभाइए और मेरे इस अनुभव पर 3 ऐसे सवाल पूछिए जिससे मैं अपने शिक्षण को समझ सकूँ: [अपना अनुभव लिखें], साथ ही यह भी बताएं कि एक बेहतर शिक्षक इस अनुभव के आधार पर बेहतरीन शिक्षण कैसे कर सकता है?” 

5. व्यवहार प्रबंधन (Classroom Management)

AI से आप व्यवहार संबंधी समस्याओं के समाधान खोज सकते हैं।

इन्हें आज़माएँ (Sample Prompts):

“मेरी कक्षा में एक छात्र बिना हाथ उठाए जवाब देता है और क्लास बाधित करता है। एक सकारात्मक व्यवहार योजना (behavior plan) तैयार करें जिससे उसकी ऊर्जा बनी रहे लेकिन अनुशासन भी सुधरे।”

“मैं एक प्राइवेट महाविद्यालय में शिक्षक हूँ मैं बीसीए के विद्यार्थियों को पढाता हूँ। मेरी कक्षा और लैब,में अनुशासन बनाए रखने के लिए 5 व्यावहारिक और सकारात्मक तरीके सुझाइए, ताकि मेरे स्टूडेंट्स और भी अधिक  engage रहें।”

6. प्रोफेशनल ग्रोथ और नेटवर्किंग

AI आपको अन्य शिक्षकों के अनुभवों से सीखने में मदद करता है।

इन्हें आज़माएँ (Sample Prompts):

“पिछले 6 महीनों में  विश्व/देश के शिक्षकों के बीच [विषय, जैसे—AI in education] को लेकर क्या ट्रेंड चल रहे हैं? मुख्य बिंदुओं में बताइए।”

“दुनिया भर के बेहतरीन शिक्षक [विषय] को कैसे पढ़ा रहे हैं? कुछ व्यावहारिक उदाहरण दीजिए।”

7. सीखने के बेहतरीन संसाधन

आदरणीय शिक्षक/शिक्षिका,

उपरोक्त हेतु कई प्रतिष्ठित संस्थान मुफ्त और बेहतरीन कोर्सेस उपलब्ध कराते हैं, उनमें से कुछ निम्न हैं:

  • Swayam Plus: भारतीय संदर्भ में AI और डिजिटल शिक्षा पर केंद्रित कोर्सेस।
  • Microsoft Learn: शिक्षकों के लिए विशेष AI लर्निंग पाथ।
  • Google for Education: गूगल वर्कस्पेस टूल्स के साथ AI का प्रभावी उपयोग।
  • UNESCO Guidelines: AI साक्षरता और नैतिकता के लिए वैश्विक मानक।
8. उपयोगी AI टूल्स और संसाधन

श्रेणी टूल और प्लेटफॉर्म
सामान्य AI सहायक ChatGPT, Claude, Gemini, Microsoft Copilot
शिक्षण सहायक Eduaide.ai: पाठ योजना और संसाधन बनाने के लिए।
शोध Consensus, Scite, Elicit: शोध पत्रों को खोजने और समझने के लिए।
ज्ञान प्रबंधन Zotero, NotebookLM: अपने नोट्स और लेखों को व्यवस्थित करने के लिए।
लर्निंग कोर्स Swayam Plus, Google for Education, Microsoft Learn, Coursera

9. AI का सही उपयोग: Dos and don'ts

यह करें:
  • AI से विचार लें, निर्णय खुद लें
  • जवाब को अपने छात्रों के अनुसार ढालें
  • बार-बार सवाल पूछें (अपने Prompt को निरंतर refine करें, यह जानिये कि अधिकतर बार कोई भी प्रांप्ट सही उत्तर नहीं दे सकता है, AI आपका असिस्टेंट है - उसे सही Prompt के जरिये समझाना पड़ता है)
यह न करें:
  • बिना जांचे AI का कंटेंट उपयोग
  • पूरी तरह AI पर निर्भर होना
  • अपने और स्टूडेंट्स की सोचने की क्षमता कम करना
10. AI साक्षरता क्यों जरूरी है?

AI को समझना अब विकल्प नहीं, आवश्यकता है। अंतरराष्ट्रीय संस्थाएँ जैसे UNESCO भी शिक्षकों के लिए AI उपयोग की गाइडलाइन जारी कर चुकी हैं। इसका उद्देश्य है - AI का उपयोग जिम्मेदारी, नैतिकता और समझदारी से करना।

11. सावधानी की बात

याद रखें, AI एक शक्तिशाली टूल तो है, लेकिन यह आपकी मानवीय संवेदना और विवेक की जगह नहीं ले सकता। AI सबसे अच्छा तब काम करता है जब इसे एक अनुभवी शिक्षक के मार्गदर्शन में उपयोग किया जाए। जैसा कि UNESCO और वैश्विक संस्थाएं भी मानती हैं, शिक्षक की भूमिका 'बौद्धिक रूप से उपस्थित' रहने और AI द्वारा दिए गए सुझावों को अपनी कक्षा और विषय के अनुसार ढालने की है।

12. AI के साथ आगे बढ़ता शिक्षक

AI कोई जादू नहीं है, लेकिन यह एक सशक्त साधन जरूर है। 
अगर सही तरीके से उपयोग किया जाए तो यह:
  • आपका समय बचाता है
  • आपकी सोच को विस्तृत करता है
  • आपके शिक्षण को प्रभावी बनाता है
बॉटम लाइन 

- AI से डरिए मत, उससे सीखिए।
- उसे अपनाइए, लेकिन नियंत्रण आपके हाथ में रहे।
क्योंकि वर्तमान और भविष्य उसी शिक्षक का है - जो सीखना नहीं छोड़ता।
-०-

- डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी