रिसर्च और AI के बीच बढ़ती उलझन
आज शोध करना पहले की तुलना में कहीं आसान हो गया है। AI की मदद से हम किसी विषय पर विचार कर सकते हैं, रूपरेखा बना सकते हैं, भाषा सुधार सकते हैं और बड़ी मात्रा में जानकारी को जल्दी समझ सकते हैं।
लेकिन यहीं एक सावधानी भी जरूरी है।
AI जितना उपयोगी है, उतना ही उस पर पूरी तरह निर्भर होना जोखिम भरा हो सकता है। खासकर तब, जब बात शोध-पत्र, शोध-निष्कर्ष और अकादमिक प्रकाशन की हो।
एक शोधकर्ता के लिए सबसे जरूरी चीज केवल जल्दी काम पूरा करना नहीं है। सही जानकारी, विश्वसनीय स्रोत और अपनी बात के प्रति जिम्मेदारी भी उतनी ही जरूरी है।
इसलिए प्रश्न यह नहीं है कि AI का इस्तेमाल करना चाहिए या नहीं। सही प्रश्न है, "AI का इस्तेमाल किस तरह किया जाए ताकि रिसर्च की गुणवत्ता और विश्वसनीयता बनी रहे?"
AI का इस्तेमाल करें तो उसे बताना भी जरूरी है
AI का इस्तेमाल करना अपने आप में गलत नहीं है। समस्या तब होती है जब शोधकर्ता यह छिपा लेता है कि उसने AI की मदद कहाँ ली है।
मान लीजिए आपने Claude, Gemini या किसी दूसरे AI टूल की मदद से अपने लेख की भाषा सुधारी, वाक्यों को बेहतर बनाया या अपने नोट्स को व्यवस्थित किया। ऐसे उपयोग को स्पष्ट रूप से बताना बेहतर है।
आपकी थीसिस/पेपर में एक छोटा-सा नोट दिया जा सकता है कि किस AI टूल का इस्तेमाल किया गया और उसका उपयोग किस काम के लिए हुआ।
आखिर शोध में सबसे महत्वपूर्ण बात ईमानदारी है।
AI से मिली हर जानकारी सही नहीं होती
AI का एक बड़ा खतरा है - Hallucination
सरल भाषा में इसका मतलब है कि AI कभी-कभी पूरे विश्वास के साथ ऐसी जानकारी भी दे सकता है जो पढने में बिल्कुल सही लगती है, लेकिन वास्तव में गलत होती है।
उदाहरण के लिए, AI किसी ऐसे शोध-पत्र का नाम बता सकता है जो अस्तित्व में ही नहीं है। कभी-कभी लेखक का नाम, प्रकाशन का विवरण या DOI भी गलत हो सकता है। यही कारण है कि साहित्य समीक्षा के दौरान AI से मिले संदर्भों को सीधे अपनी Bibliography में शामिल नहीं करना चाहिए।
हर संदर्भ को मूल स्रोत जाँचने के बाद ही जोड़ें। शोध-पत्र वास्तव में प्रकाशित हुआ है या नहीं, लेखक सही हैं या नहीं, DOI सही है या नहीं - इन सभी की पुष्टि करना जरूरी है। AI आपको स्रोत खोजने में मदद कर सकता है, लेकिन फाइनल सत्यापन आपको खुद करना होगा।
AI आपके शोध का लेखक नहीं हो सकता
यह बात बहुत साफ समझने की जरूरत है। AI ने आपके लिए कुछ पैराग्राफ लिख दिए, इसका मतलब यह नहीं कि AI आपके शोध-पत्र का लेखक बन गया। लेखक होने का अर्थ केवल शब्द लिखना नहीं है। लेखक को अपने शोध के लिए जिम्मेदारी लेनी होती है। उसे अपने डेटा, शोध-विधि और निष्कर्षों के बारे में सवालों का जवाब देना होता है और AI यह जिम्मेदारी नहीं ले सकता।
इसलिए शोध-पत्र में AI को लेखक के रूप में शामिल करना उचित नहीं है। फाइनल प्रकाशित सामग्री के हर महत्वपूर्ण दावे की जिम्मेदारी किसी इंसान की ही होनी चाहिए। AI से मदद लीजिए, लेकिन जिम्मेदारी अपने हाथ में रखिए।
कुछ जगह AI का इस्तेमाल बिल्कुल सावधानी से करें
AI का इस्तेमाल केवल लेख लिखने तक सीमित नहीं है। रिसर्च में तस्वीरों, पीयर रिव्यू और गोपनीय दस्तावेजों से जुड़े काम में भी AI का उपयोग बढ़ रहा है। लेकिन यहाँ सावधानी और भी जरूरी है।
AI से बनाई गई तस्वीरें
शोध-पत्र में इस्तेमाल होने वाली तस्वीरों और ग्राफिक्स के मामले में प्रकाशकों के नियम अलग-अलग हो सकते हैं। इसलिए किसी जर्नल में AI-generated image इस्तेमाल करने से पहले उसके नियम जरूर पढ़ें।
किसी प्रकाशित चित्र को AI की मदद से कॉपी या दोबारा बनाने से भी बचना चाहिए।
Peer Review में सावधानी
मान लीजिए आपको किसी शोध-पत्र की समीक्षा करने के लिए भेजा गया है। वह पेपर अभी प्रकाशित नहीं हुआ है।
ऐसे में पूरे पेपर को किसी सामान्य AI चैटबॉट में कॉपी करके समीक्षा करवाना जोखिम भरा हो सकता है। उसमें दूसरे शोधकर्ता की गोपनीय और अप्रकाशित जानकारी हो सकती है।
Peer Review में गोपनीयता बहुत महत्वपूर्ण है।
इसलिए किसी भी AI टूल में संवेदनशील या अप्रकाशित शोध सामग्री डालने से पहले संबंधित जर्नल या संस्था के नियम जरूर देखें।
AI के साथ एक सुरक्षित रिसर्च वर्कफ़्लो बनाइए
AI का सबसे अच्छा उपयोग तब होता है जब आप उसे अपने शोध का मालिक नहीं, बल्कि सहायक मानते हैं।
एक सरल तरीका यह हो सकता है।
पहला चरण: विचार और रूपरेखा
प्रारम्भ में Claude जैसे AI टूल आपकी मदद कर सकते हैं।
आप अपने विषय पर विचारों की सूची बना सकते हैं, शोध-पत्र की संभावित रूपरेखा तैयार कर सकते हैं और यह समझ सकते हैं कि किन बिंदुओं पर आगे काम करना है।
लेकिन AI की बनाई रूपरेखा को अंतिम नहीं मानें। उसे अपनी समझ और शोध की जरूरत के अनुसार बदलें।
दूसरा चरण: जानकारी और संदर्भ की जाँच
इसके बाद विशेष शैक्षणिक टूल्स की मदद ली जा सकती है। Jani जैसे टूल्स का उपयोग संदर्भों की जाँच और शोध-पत्रों की स्थिति समझने में किया जा सकता है।
खासकर यह देखना जरूरी है कि जिस शोध को आप आधार बना रहे हैं, वह विश्वसनीय है या नहीं और कहीं वह वापस तो नहीं लिया गया है।
तीसरा चरण: अपना अंतिम संपादन
अब सबसे महत्वपूर्ण काम आपका है। AI द्वारा तैयार सामग्री को ध्यान से पढ़ें। तथ्यों की जाँच करें। संदर्भ देखें। भाषा को अपनी शैली के अनुसार सुधारें और यह सुनिश्चित करें कि लेख में आपकी अपनी समझ साफ दिखाई दे।
AI का पहला ड्राफ्ट उपयोगी हो सकता है, लेकिन अंतिम शोध-पत्र आपकी सोच और आपकी जिम्मेदारी का परिणाम होना चाहिए।
भविष्य AI को छोड़ने वालों का भी नहीं और AI पर पूरी तरह निर्भर लोगों का भी नहीं
रिसर्च का भविष्य शायद उन लोगों का होगा जो AI और अपनी विशेषज्ञता के बीच सही संतुलन बना पाएँगे।
AI आपका समय बचा सकता है। वह बड़ी मात्रा में सामग्री को व्यवस्थित करने में मदद कर सकता है। विचारों को नई दिशा दे सकता है और प्रारम्भिक ड्राफ्ट तैयार करने में सहयोग कर सकता है।
लेकिन अंतिम निर्णय आपका होना चाहिए।
- स्रोत की जाँच आपको करनी है।
- तथ्यों की पुष्टि आपको करनी है।
- शोध की गुणवत्ता की जिम्मेदारी आपकी है।
- और प्रकाशित सामग्री के लिए जवाबदेही भी आपकी ही होगी।
इसलिए अगली बार जब आप AI से अपने शोध में मदद लें, तो एक प्रश्न जरूर पूछें,
"क्या AI मेरी विशेषज्ञता को मजबूत कर रहा है, या मैं अपनी विशेषज्ञता की जगह AI पर निर्भर हो रहा हूँ?"
यही अंतर एक सामान्य AI उपयोगकर्ता और एक जिम्मेदार AI-सक्षम शोधकर्ता के बीच है।
–०–
– डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी

No comments:
Post a Comment