Saturday, 8 August 2026

GitHub पर ऐसा AI Portfolio बनाइए जिसे देखकर Recruiters प्रभावित हो जाएँ (भाग – 6)

नमस्कार मित्रों!

पिछले भाग में हमने जाना कि GitHub पर Open Source Projects में योगदान कैसे किया जाता है और क्यों यह AI सीखने का सबसे अच्छा तरीका माना जाता है।

लेकिन अब एक और महत्वपूर्ण सवाल सामने आता है।

यदि कोई Recruiter आपका GitHub प्रोफाइल खोले, तो उसे क्या दिखाई देना चाहिए?

सिर्फ दर्जनों Repository होना पर्याप्त नहीं है। असली बात यह है कि आपका GitHub प्रोफाइल यह बताए कि आप क्या जानते हैं, कैसे सोचते हैं और किस तरह समस्याओं का समाधान करते हैं।

आज AI Bodh पर हम चर्चा करेंगे कि ऐसा AI Portfolio कैसे बनाया जाए जो आपकी पहचान बन सके।

GitHub केवल कोड नहीं, आपकी पहचान है

अब तक आप यह जान चुके हैं कि, बहुत से लोग GitHub पर केवल फाइलें अपलोड कर देते हैं। कुछ दिनों बाद वहाँ दर्जनों Repository तो होती हैं, लेकिन किसी को यह समझ नहीं आता कि इनमें कौन-सी महत्वपूर्ण है और किसे पहले देखना चाहिए।

याद रखिए :

  • GitHub आपका डिजिटल इंटरव्यू है।
  • यदि कोई व्यक्ति आपके प्रोफाइल पर केवल पाँच मिनट बिताए, तो उसे आपकी क्षमता का अच्छा अंदाज़ा हो जाना चाहिए।

कम प्रोजेक्ट, लेकिन अच्छे प्रोजेक्ट

नए लोग अक्सर सोचते हैं कि जितनी ज्यादा Repository होंगी, उतना अच्छा प्रभाव पड़ेगा। लेकिन वास्तविकता इसके विपरीत है।

  • दस अधूरे प्रोजेक्ट से बेहतर हैं पाँच अच्छे प्रोजेक्ट या तीन बेहतरीन प्रोजेक्ट हों।
  • हर Repository कुछ नया सिखाए।
  • हर Project किसी समस्या का समाधान करे।
  • हर Project आपकी सीख को दिखाए।

हर Repository की एक अच्छी README हो

कल्पना कीजिए कि आपने बहुत अच्छा AI मॉडल बनाया। लेकिन किसी को समझ ही नहीं आया कि यह करता क्या है। ऐसे में आपका मेहनत से बनाया गया Project भी अनदेखा रह जाएगा। इसलिए हर Repository में README अवश्य हो। उसमें सरल भाषा में लिखें कि,

  • यह Project किस समस्या का समाधान करता है?
  • इसमें कौन-सी AI तकनीक उपयोग हुई है?
  • कौन-कौन से Tools प्रयोग किए गए हैं?
  • इसे कैसे चलाया जाए?
  • इसका परिणाम क्या है?

एक अच्छी README आपके Project को प्रोफेशनल रूप देती है।

केवल परिणाम नहीं, पूरी यात्रा दिखाइए

Recruiters केवल Final Output नहीं देखना चाहते। वे यह भी जानना चाहते हैं कि आपने वहाँ तक पहुँचने का सफर कैसे तय किया। उदाहरण के लिए, 

  • डेटा कहाँ से और कैसे लिया?
  • आपने डेटा को कैसे क्लीन किया?
  • कौन-सा मॉडल चुना?
  • दूसरा मॉडल क्यों नहीं चुना?
  • कौन-कौन सी कठिनाइयाँ आईं और  उन्हें कैसे हल किया?

और, यही बातें आपकी सोच और समस्या-समाधान की क्षमता को बताती हैं।

Jupyter Notebook का सही उपयोग करें

AI Projects में Jupyter Notebook बहुत लोकप्रिय है। लेकिन Notebook केवल कोड से भरी नहीं होनी चाहिए। उसमें छोटे-छोटे विवरण भी लिखें। जैसे, 

  • समस्या क्या है?
  • अगला चरण क्या होगा?
  • इस चरण का परिणाम/निष्कर्ष क्या निकला?
  • संक्षिप्त विवरण।

इससे आपका काम समझना आसान हो जाता है।

विविधता भी दिखाइए

यदि आपकी सभी Repository केवल "House Price Prediction" जैसी हों, तो Portfolio एक जैसा लगेगा। कोशिश करें कि अलग-अलग प्रकार के प्रोजेक्ट शामिल हों। उदाहरण के लिए,

  • Machine Learning
  • Deep Learning
  • Computer Vision
  • NLP
  • Generative AI
  • Agentic AI
  • Data Analysis
  • Data Visualization

इससे पता चलता है कि आपने AI के कई क्षेत्रों में काम किया है।

Commit History भी बहुत कुछ कहती है

कई लोग पूरा Project एक ही दिन में Upload कर देते हैं। लेकिन नियमित Commit करना बेहतर माना जाता है। इससे पता चलता है कि आपने धीरे-धीरे मेहनत करके Project विकसित किया है।

यह आपकी कार्यशैली भी दिखाता है।

अपने Portfolio को लाइव रखिए

GitHub पर Project डालकर भूल मत जाइए। समय-समय पर, 

  • README अपडेट करें।
  • नई सुविधाएँ जोड़ें।
  • Bugs ठीक करें।
  • Documentation बेहतर बनाएं।
  • नए Version जारी करें।

ऐसा Portfolio हमेशा सक्रिय दिखाई देता है।

AI Portfolio में क्या-क्या शामिल हो?

यदि आप AI में करियर बनाना चाहते हैं, तो आपके GitHub पर ऐसे Project हो सकते हैं:

  • Image Classification
  • Chatbot
  • Sentiment Analysis
  • Recommendation System
  • Data Dashboard
  • RAG आधारित AI Application
  • Prompt Engineering Projects
  • AI Automation Scripts
  • Agentic AI Workflow
  • API आधारित AI Tools

जरूरी नहीं कि सभी बहुत बड़े हों। लेकिन हर एक Project कुछ नया सिखाने वाला होना चाहिए।

Recruiter सबसे पहले क्या देखते हैं?

अक्सर Recruiters इन बातों पर ध्यान देते हैं:

✔ Profile साफ-सुथरा है या नहीं।

✔ README स्पष्ट है या नहीं।

✔ Projects वास्तव में पूरे किए गए हैं या नहीं।

✔ Documentation अच्छी है या नहीं।

✔ Code व्यवस्थित लिखा गया है या नहीं।

✔ Repository नियमित रूप से अपडेट होती है या नहीं।

इसलिए केवल कोड लिखना ही काफी नहीं है, उसे सही ढंग से प्रस्तुत करना भी उतना ही ज़रूरी है।

एक छोटी लेकिन महत्वपूर्ण सलाह

हर नया AI Project पूरा होने पर स्वयं से एक प्रश्न पूछिए "यदि आज कोई कंपनी मेरा GitHub देखे, तो क्या मैं यह Project गर्व से दिखा सकता हूँ?"

यदि उत्तर "हाँ" है, तभी उसे अपने Portfolio का हिस्सा बनाइए।

बॉटम लाइन

GitHub पर अच्छा AI Portfolio बनाना केवल Repository की संख्या बढ़ाने का नाम नहीं है। यह आपके ज्ञान, मेहनत, सोच और सीखने की क्षमता को व्यवस्थित रूप से प्रस्तुत करने का माध्यम है। एक साफ-सुथरा प्रोफाइल, उपयोगी प्रोजेक्ट, अच्छी README, नियमित अपडेट और स्पष्ट Documentation मिलकर आपकी ऐसी डिजिटल पहचान बनाते हैं, जो किसी भी बायोडाटा से कहीं अधिक प्रभाव छोड़ सकती है।

याद रखिए:

AI सीखना आपको अवसर देता है।

लेकिन GitHub पर उसे सही ढंग से प्रस्तुत करना, उन अवसरों को आपके दरवाज़े तक ले आता है।

–०–

– डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी


No comments:

Post a Comment