Saturday, 4 April 2026

क्या एआई हमारी अपनी सोच छीन रहा है? - मौलिक सोच से एंकरिंग बायस तक

आज के डिजिटल युग में एक प्रचलित धारणा है: एआई किसी कंटेंट का पहला Draft बना सकता है, पर फाइनल सोच मनुष्य की ही रहती है।यह सुनने में बहुत सुरक्षित और सुखद लगता है, क्योंकि यह हमें यह विश्वास दिलाता है कि मशीन चाहे कितनी भी उन्नत हो जाए, 'कंट्रोल' हमारे हाथ में है। इससे लगता है कि हम ही सब कुछ तय करते हैं। लेकिन क्या सच में ऐसा है? नए शोध कुछ और ही बता रहे हैं।

1. जब ड्राफ्ट का रास्ता ही मंज़िल बन जाए

हम सोचते हैं कि एआई सिर्फ पहला ड्राफ्ट देता है, और फैसला हमारा होता है। पर दिमाग की एक कमज़ोरी है – एंकरिंग बायस यानी, जब एआई हमें एक तैयार ढाँचा देता है, तो हमारा दिमाग उसी के इर्द-गिर्द सोचने लगता है।

अगर कोई छात्र या लेखक हर बार एआई से कंटेंट्स जनरेट करवाता है, तो वह खुद से नया सोचने की आदत खो देता है।

शोध बताते हैं कि एआई कुछ जनरेट तो कर सकता है, लेकिन उसमें इंसानों जैसी समझ नहीं होती। फिर भी, समय बचाने के लिए हम अक्सर एआई के दिए विकल्पों को ही सही मान लेते हैं।

2. अपने विचार मशीन के भरोसे

हम अपनी सोचने की मेहनत मशीनों को दे देते हैं। इसे कॉग्निटिव ऑफलोडिंग कहते हैं। यह सुविधा तो देता है, लेकिन हमारी सोच और मौलिकता को निःसंदेह बहुत कम कर देता है।

हम यह भूल जाते हैं कि हमारा दिमाग उसके उपयोग के अनुसार बदलता रहता है। अगर हम सोचने का काम मशीन को दे देंगे, तो धीरे-धीरे हम खुद कुछ नया सोच ही नहीं पाएँगे।

3. क्या हम मेकर से चेकर बन गए?

कंपनियों पर जल्दी काम निपटाने और कम खर्च का प्रेशर होता है। इसलिए वे एआई पर ज़्यादा निर्भर हो गई हैं। अब इंसान सिर्फ यह चेक करता है कि एआई ने सही लिखा या नहीं।

एक अध्ययन के अनुसार, 55% एआई आउटपुट में अब भी इंसानी दखल की ज़रूरत होती है। क्योंकि एआई को संदर्भ, नैतिकता और बारीक फिलहाल समझ में नहीं आती।

मज़ेदार बात यह है कि भले ही एआई पूरी तरह भरोसेमंद न हो, फिर भी इंसान उस पर इतना निर्भर हो गया है कि अपना फैसला खुद लेना भूल रहा है।

4. एआई से बदल रही है - हमारी सोच की दिशा

एआई और इंसान का रिश्ता इतना आसान नहीं कि मशीन लिखे और हम सोचें।अगर हम उस पर पूरी तरह निर्भर हो रहे हैं तो, एआई सिर्फ हमारी भाषा नहीं बदल रहा, बल्कि:

  • यह तय कर रहा है कि हम किसे ज़्यादा ज़रूरी समझें
  • यह हमारी कल्पना को सीमित कर रहा है
  • यह हमारे विचारों की दिशा बदल रहा है

हमें सावधान रहना होगा

अगर हम सावधान नहीं हुए, तो आने वाले समय में इंसान नए विचार बनाने वाला ‘सर्जक’ नहीं रहेगा। वह सिर्फ एआई के दिए विकल्पों में से एक चुनने वाला ‘उपभोक्ता’ बनकर रह जाएगा।

तो सही बात यह है: एआई ड्राफ्ट बनाता है, लेकिन अगर इंसान सावधान न रहे, तो उसकी सोच भी धीरे-धीरे एआई ही चलाने लगता है।

हमें एआई को एक टूल की तरह इस्तेमाल करना चाहिए, बैसाखी की तरह नहीं।

तो फिर कैसे बनें अपने दिमाग के मालिक?

एआई आपके लिए ड्राफ्ट बना सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आप सोचना बंद कर दें। कुछ आसान उपाय निम्न हैं:

1. पहले खुद लिखें, फिर एआई से पूछें

एआई से मदद माँगने से पहले अपना खुद का पहला ड्राफ्ट लिखो, चाहे वह गलतियों से भरा हो या अधूरा हो। पहला ड्राफ्ट तो ऐसा होगा ही, वास्तविक बात यह है कि विचार हमारे दिमाग से आएँ। फिर एआई का इस्तेमाल उसे क्लीन करने, बेहतर करने या नए सुझाव लेने के लिए करें।

2. एआई के कंटेंट्स को जानबूझकर बदलें

जब एआई कोई ड्राफ्ट दे, तो उसे वैसे का वैसे नहीं अपनाएं। सोचें और उसमें कम से कम तीन चीज़ें बदल दीजिए। किसी एक वाक्य को पलट दीजिये। अपना एक नया उदाहरण जोड़ें। कोई शब्द हटा दें जो आपको ठीक नहीं लग रहा। यह छोटी सी आदत हमारे दिमाग को रचनात्मक रखेगी। तब हम सिर्फ हाँ कहने वाले नहीं रहेंगे, बल्कि असली संपादक हो जाएंगे।

3. रोज़ नो एआईका समय निकालें

हर दिन कुछ मिनट, चाहे 10 मिनट ही सही, एआई के बिना सोचने का समय निकालें। एक कॉपी या कम्प्यूटर-मोबाइल में लिखें। अपने विचारों का एक आसान सा माइंड-मैप बनाएं। यह हमारी कल्पना की कसरत है। अगर हमेशा एआई को पहले सोचने देंगे, तो हमारी अपनी सोचने की मांसपेशियाँ कमज़ोर पड़ जाएँगी।

4. एआई को टूल बनाएं, बैसाखी नहीं

बैसाखी तब काम आती है जब हम चल नहीं सकते। लेकिन आप बिना एआई के चल सकते हो। एआई का इस्तेमाल वैसे करें जैसे कोई हथौड़ा या पेंसिल। यह हमारा काम आसान करता है, पूरा काम नहीं छीन लेता।

5. दूसरों से भी चर्चा करें, सिर्फ एआई से नहीं

एआई से सवाल पूछने से पहले किसी इंसान से बात करें। कोई दोस्त, कोई टीचर, कोई परिवारजन। उनसे चर्चा करो। उन्हें अपनी बात समझाएं। इससे हमारा दिमाग तेज़ होता है, क्योंकि इंसान एआई की तरह आसान उत्तर नहीं देता। वह सवाल पूछता है, और वही सवाल हमें वास्तव में सोचने पर मजबूर करते हैं।

6. हर हफ्ते नो कॉपी-पेस्ट वाला एक दिन

हफ्ते में एक दिन तय करें, जैसे रविवार, जब आप एआई का इस्तेमाल ही नहीं करोगे। उस दिन सब कुछ खुद लिखोगे। चाहे मुश्किल लगे, चाहे गलतियाँ हों। यह आपको याद दिलाएगा कि आपमें खुद कुछ बनाने की शक्ति है।

याद रखने वाली सबसे ज़रूरी बात:

एआई आपका असिस्टेंट हो सकता है, मालिक नहीं। जब तक आप उसे बदलते हो, सवाल पूछते हो, और बिना उसके भी सोचने की आदत रखते हो, तब तक आप अपनी मौलिकता नहीं खोओगे। असली ताकत आपके दिमाग में है, चिप में नहीं।

-०-

डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी


No comments:

Post a Comment