Monday, 24 August 2026

Agentic AI: जब AI केवल जवाब नहीं देता, बल्कि काम भी करता है

नमस्कार मित्रों!

अब तक हम AI के कई रूपों के बारे में बात कर चुके हैं। आज हम AI की दुनिया में तेज़ी से दिखाई दे रहे एक स्वरुप की बात करते हैं और वह है - Agentic AI

मूलतः Agentic AI केवल हमारे के प्रश्नों (Prompts) के उत्तर नहीं देता, वह हमारे व्यवसाय, कार्यालय और व्यक्तिगत आदि कार्यों को सम्पादित भी कर सकता है।

आइये चर्चा करते हैं कि Agentic AI क्या है, यह सामान्य Generative AI से कैसे अलग है और आने वाले समय में इसका हमारे काम करने के तरीके पर क्या असर पड़ सकता है।

AI Assistant और AI Agent में क्या अंतर है?

मान लीजिए आपने AI से कहा, "मेरे लिए एक ईमेल लिख दो।" AI ने ईमेल लिखा और काम खत्म।

यह एक सामान्य AI Assistant का उदाहरण है। अब दूसरा उदाहरण देखिए। आप कहते हैं, 

"इस सप्ताह की सभी महत्वपूर्ण मीटिंग्स देखो, संबंधित लोगों की जानकारी निकालो, मेरे लिए एक Meeting Summary तैयार करो और जिन लोगों से Follow-up जरूरी है, उन्हें ईमेल का Draft बना दो।"

यहाँ AI को केवल उत्तर नहीं देना है। उसे 1. जानकारी ढूँढनी है। 2.अलग-अलग स्रोतों को समझना है। 3. निर्णय लेना है। 4. कई चरणों में काम करना है। 5.परिणाम देखना है और 6. जरूरत पड़ने पर अगला कदम उठाना है।

यही Agentic AI की विशेषता है। Agentic AI को ऐसे AI systems के रूप में प्रस्तुत करता है जो केवल प्रतिक्रिया देने के बजाय जटिल कार्यों को स्वतंत्र रूप से पूरा करने के लिए reasoning, planning और action का उपयोग कर सकते हैं।

Agentic AI आखिर करता क्या है?

सरल भाषा में समझें तो एक AI Agent को आप एक डिजिटल सहयोगी की तरह देख सकते हैं। आप उसे एक लक्ष्य देते हैं। फिर वह उस लक्ष्य को छोटे-छोटे कार्यों में बाँट सकता है। उदाहरणस्वरुप,

आप कहते हैं: "मेरे लिए एक Research Report तैयार करो।"

Agent यह प्रक्रिया अपना सकता है:

पहला चरण: विषय को समझना।

दूसरा: संबंधित जानकारी खोजना।

तीसरा: उपलब्ध स्रोतों की तुलना करना।

चौथा: महत्वपूर्ण जानकारी निकालना।

पाँचवाँ: Report की रूपरेखा बनाना।

छठा: Draft तैयार करना।

सातवाँ: परिणाम की जाँच करना।

यानी AI केवल कुछ generate नहीं रहा है, बल्कि वह किसी कार्य की पूरी प्रक्रिया में सहायता कर रहा है।

Generative AI और Agentic AI में मुख्य अंतर

Generative AI मुख्य रूप से नया Content तैयार करता है। जैसे, Text / Image / Code / Summary / Presentation आदि। लेकिन Agentic AI इससे एक कदम आगे जाने की कोशिश करता है। वह समझ सकता है.

"उसे लक्ष्य क्या दिया गया है?"

"इसे पूरा करने के लिए कौन-कौन से कदम जरूरी हैं?"

"कौन-सा Tool इस्तेमाल करना चाहिए?"

"उसके पिछले कदम का परिणाम क्या आया?"

"अब आगे क्या करना है?"

यानी फर्क केवल Content Generation का नहीं है। फर्क Action और Workflow का भी है।

एक AI Agent को किन चीजों की जरूरत होती है?

एक प्रभावी Agentic AI System के पीछे कई चीजें काम करती हैं।

सबसे पहले है Context: Agent को यह समझना होता है कि काम किस परिस्थिति में किया जा रहा है।

फिर आता है Reasoning और Planning: Agent को तय करना होता है कि लक्ष्य तक पहुँचने के लिए कौन-कौन से कदम उठाने हैं।

इसके बाद आता है Tools और Actions: Agent केवल सोचकर रुक नहीं सकता। उसे जरूरत पड़ने पर Database, Search, API, Software या दूसरे Tools के साथ काम करना पड़ सकता है।

कुल मिलाकर context management, reasoning/planning और tool/action execution जैसे कार्य agentic applications के महत्वपूर्ण भाग हैं। (AWS Agentic AI architecture guidance)

इसे इस क्रम में ऐसे समझ सकते हैं:

Context → सोच → योजना → Action → परिणाम → फिर अगला कदम

यही Agentic Workflow की असली ताकत है।

क्या Agent अकेले सब कुछ कर देगा?

यहाँ थोड़ा सावधान रहना जरूरी है। Agentic AI का अर्थ यह नहीं है कि इंसान की जरूरत ही खत्म हो जाएगी। वास्तव में human-AI collaboration को महत्वपूर्ण माना गया है और AI agents को केवल tools के बजाय virtual teammates की तरह देखने की बात की गई है। साथ ही workforce को नई भूमिका के लिए तैयार करने और upskilling पर जोर दिया गया है। (AWS की executive guidance)

उदाहरणस्वरुप, AI Agent किसी समस्या का समाधान सुझा सकता है। लेकिन महत्वपूर्ण निर्णय पर अंतिम स्वीकृति इंसान ही दे। इसे ही हम Human-in-the-Loop approach कह सकते हैं।

Agentic AI का वास्तविक उपयोग कहाँ हो सकता है?

यही सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न है कि इसका उपयोग कहाँ होगा?

इसकी संभावनाएँ बहुत बड़ी हैं।

1. Software Development

एक Agent:

  • Code लिखने में सहायता कर सकता है।
  • Bug खोज सकता है।
  • Testing कर सकता है।
  • Documentation कर सकता है।
  • Code में सुधार सुझा सकता है।

इससे Developer अपना ध्यान केवल बार-बार होने वाले कामों से हटकर Architecture और Problem Solving पर दे सकता है। यानी कि Software Development एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें agentic approaches बड़े productivity gains दे सकते हैं। (AWS Agentic AI guide)

2. Research और Science

कल्पना कीजिए कि एक Research Agent को किसी विषय पर अध्ययन करना है। वह, 

  • Research Papers खोज सकता है।
  • अलग-अलग स्रोतों से जानकारी एकत्र कर सकता है।
  • key points निकाल सकता है।
  • संबंधित जानकारी को व्यवस्थित कर सकता है।
  • और Researcher के लिए प्रारंभिक Report तैयार कर सकता है।

Drug Discovery जैसे क्षेत्रों में भी Agentic AI के उपयोग पर काम हो रहा है।  लेकिन यहाँ भी एक बात याद रखनी होगी कि AI की Report अंतिम सत्य नहीं है। Researcher को स्रोतों और निष्कर्षों की जाँच करनी ही होगी।

3. Customer Support

आज Customer Support में Chatbot सामान्य हो चुके हैं। लेकिन Agentic AI इससे आगे जा सकता है। उदाहरण के लिए, यदि Customer कहता है कि "मेरे खाते में यह समस्या क्यों आ रही है?"

Agent केवल उत्तर देने के बजाय. 

  • Customer की जानकारी देख सकता है।
  • संबंधित Transaction खोज सकता है।
  • समस्या की पहचान कर सकता है।
  • नियमों की जाँच कर सकता है।
  • और उचित प्रक्रिया शुरू कर सकता है।

यानी बातचीत से आगे बढ़कर काम पूरा करने की क्षमता।

4. Healthcare

Healthcare में Agentic AI Research, Data Analysis और Workflow Support जैसे क्षेत्रों में उपयोगी हो सकता है। उदाहरणस्वरुप, अलग-अलग Medical Information Sources से जानकारी इकट्ठी करके किसी Research Team के लिए एक structured summary तैयार करना। लेकिन Healthcare जैसे संवेदनशील क्षेत्र में Oversight, Privacy और Security और भी महत्वपूर्ण हो जाते हैं। AI को डॉक्टर या विशेषज्ञ का विकल्प मानना उचित नहीं होगा।

Agentic AI के लिए Data क्यों महत्वपूर्ण है?

एक Agent कितना अच्छा काम करेगा, यह केवल उसके AI Model से अधिक इस पर निर्भर करता है कि उसके पास जानकारी कितनी सही है। यदि Agent को गलत या अधूरी जानकारी मिलेगी, तो उसका निर्णय भी प्रभावित हो सकता है। यही कारण है कि Agentic AI के साथ:

  • Data Quality
  • Knowledge Base
  • Context
  • Memory
  • APIs
  • Security

जैसी चीजों का महत्व बढ़ जाता है। RAG जैसी तकनीक भी यहाँ उपयोगी हो सकती है, क्योंकि Agent को जरूरत के समय सही जानकारी खोजकर देने की आवश्यकता होती है।

Security को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता

यह शायद Agentic AI की सबसे महत्वपूर्ण चुनौतियों में से एक है। सामान्य Chatbot केवल जवाब देता है। लेकिन यदि Agent को किसी Database, Email System, Cloud Service या दूसरे Software तक पहुँच मिल गई, तो वह वास्तविक Actions भी कर सकता है।

इसलिए सवाल केवल यह नहीं है कि "AI क्या कर सकता है?" 

सवाल यह भी है : "AI को क्या करने की अनुमति दी जानी चाहिए?"

Agentic AI के लिए traditional security approaches से आगे बढ़कर security और privacy controls तथा मजबूत guardrails की आवश्यकता है। इसलिए Agent को उतनी ही permissions देनी चाहिए जितनी वास्तव में आवश्यक हों।

Governance क्यों जरूरी है?

AI Agent को स्वतंत्रता देने का मतलब यह नहीं कि उसे बिना किसी नियम के काम करने दिया जाए।

संस्था को पहले से तय करना चाहिए कि, 

  • Agent क्या कर सकता है?
  • क्या नहीं कर सकता?
  • कौन-सा Data इस्तेमाल कर सकता है?
  • किन Actions के लिए Human Approval जरूरी है?
  • उसके काम का Record कैसे रखा जाएगा?
  • गलती होने पर जिम्मेदारी किसकी होगी?

यही AI Governance का महत्वपूर्ण भाग है। Governance frameworks और accountability structures स्पष्ट होना चाहिए।

क्या हर काम के लिए Agentic AI चाहिए?

बिल्कुल नहीं।

यदि कोई काम एक साधारण Automation से हो सकता है, तो उसके लिए एक जटिल AI Agent बनाने की आवश्यकता नहीं है। जैसे यह प्रश्न देखिए, 

क्या यह काम Rule-Based Automation से हो सकता है? यदि हाँ, तो वही पर्याप्त हो सकता है।

लेकिन जहाँ, 

  • परिस्थितियाँ बदलती रहती हैं।
  • कई स्रोतों से जानकारी लेनी पड़ती है।
  • निर्णय की आवश्यकता होती है।
  • कई चरणों में काम करना होता है।
  • और अलग-अलग Tools का उपयोग करना पड़ता है।

वहाँ Agentic AI अधिक उपयोगी हो सकता है।

शुरुआत कहाँ से करें?

यदि कोई संस्था Agentic AI शुरू करना चाहती है, तो उसे सीधे बहुत बड़ा सिस्टम बनाने की जरूरत नहीं है।पहले सही use case चुनें, छोटे स्तर से शुरुआत करें, सीखें और फिर धीरे-धीरे scale करें।

एक तरीका हो सकता है कि, 

पहला कदम: एक स्पष्ट समस्या चुनिए।

दूसरा कदम: देखिए कि AI Agent वास्तव में क्या बेहतर कर सकता है।

तीसरा कदम: छोटा Pilot प्रोजेक्ट बनाइए।

चौथा कदम: प्रोसेस पर नज़र रखिए।

पाँचवाँ कदम: परिणाम मापिए।

छठा कदम: जो काम सही हो रहा है, उसे धीरे-धीरे बड़े स्तर पर लागू कीजिए।

किसी संस्थान में Agentic AI का प्रयोग

Agentic AI का प्रभाव केवल IT Department तक सीमित नहीं रहेगा। Finance, HR, Research, Customer Service, Marketing, Education और Operations जैसे विभाग भी इसका उपयोग कर सकते हैं। AI adoption को अलग-अलग departments तक पहुँच कर innovation को decentralize किया जाना अधिक उपयुक्त है, जबकि platforms, tools और governance जैसी चीजों को साझा रूप से मजबूत रखने पर जोर देती है।

इससे यह बातें सामने आती हैं:

  • AI केवल Technology Project नहीं है।
  • यह एक Organizational Transformation भी है।
  • भविष्य में काम करने का तरीका बदल सकता है

कल्पना कीजिए कि आज एक कर्मचारी को पाँच अलग-अलग Software खोलकर एक काम पूरा करना पड़ता है। भविष्य में वह किसी Agent को केवल अपना लक्ष्य बता सकता है। Agent अलग-अलग Systems से जानकारी लेगा। आवश्यक गणना करेगा। Report तैयार करेगा। जरूरी लोगों को Draft भेजेगा और जहाँ Human Approval आवश्यक हो, वहाँ रुक जाएगा।

इस तरह इंसान हर छोटी प्रक्रिया को खुद चलाने के बजाय काम की दिशा तय करने और परिणाम की समीक्षा करने पर अधिक ध्यान दे सकता है।

बदलाव Technology के साथ Mindset का भी है

Agentic AI हमें केवल नई Technology नहीं देता। यह हमें काम करने के तरीके पर दोबारा सोचने के लिए मजबूर करता है। पहले सवाल होता था, "मैं यह काम AI से कैसे करवा सकता हूँ?"

अब सवाल धीरे-धीरे बदलकर हो सकता है : "इस पूरे Workflow को AI और इंसान मिलकर बेहतर तरीके से कैसे पूरा कर सकते हैं?"

और, यही बदलाव Agentic AI को महत्वपूर्ण बनाता है।

बॉटम लाइन

Agentic AI, Generative AI का केवल एक और नया नाम नहीं है। यह AI के उपयोग के तरीके में एक महत्वपूर्ण बदलाव को दर्शाता है। साधारण AI हमें उत्तर दे सकता है। Generative AI हमारे लिए Content बना सकता है।लेकिन Agentic AI का लक्ष्य इससे आगे जाकर समझना, योजना बनाना, Tools का उपयोग करना और कार्य पूरा करना है।

लेकिन इसकी सफलता केवल Technology पर निर्भर नहीं ही। सही Data चाहिए, सही Use Case चाहिए, सुरक्षा चाहिए, Governance चाहिए, और Human Oversight चाहिए।

Agentic AI अपनाने में सबसे सफल वे सस्न्थान हो सकते हैं जो बहुत बड़े दावों से शुरुआत करने के बजाय सही समस्या चुनें, जल्दी सीखें और धीरे-धीरे अपने सफल प्रयोगों को scale करें। (AWS की executive guidance)

कुल मिलाकर,

भविष्य केवल ऐसे AI का नहीं होगा जो हमारे सवालों के जवाब दे।

भविष्य ऐसे AI का भी होगा जो हमारे साथ मिलकर काम करे।

और शायद आने वाले समय में सबसे महत्वपूर्ण स्किल यह नहीं होगी कि, "AI क्या कर सकता है?"

बल्कि यह समझना होगा कि, "AI को क्या करने देना चाहिए?"

–०–

– डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी

स्रोत: AWS, An Executive’s Guide to Agentic AI; AWS Executive Insights. (URL: https://d1.awsstatic.com/onedam/marketing-channels/website/aws/en_US/whitepapers/approved/executive-insights/an-executives-guide-to-agentic-ai-ebook-udpated-9-19-25.pdf )

No comments:

Post a Comment